Weather Update: आगरा में तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत
Weather Update रविवार दोपहर मौसम ने बदली करवट। तेज आंधी के बाद शहर में बरसी मूसलाधार बारिश। सैंया क्षेत्र के रामपुरा गांव में टीन सेट उड़ने दो बच्चे घायल। बिजली हुयी शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक में गायब।
आगरा, जागरण संवाददाता। रविवार को केरल में मानसून के समय से पहले आने का असर सैंकड़ों किमी दूर आगरा में भी दिख रहा है। तेज आंधी के बाद मूसलाधार बारिश हो रही है। शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक ताल तलैया बन गया है। बिजली गुल हो गयी है। कइ क्षेत्र में आंधी के कारण टीन शेड उड़ गए और बिजली के खंभे भी उखड़ गए हैं। रामबाग चौराहा पर तेज आंधी और बारिश के कारण सड़क के बीच में लगा साइनेज बोर्ड गिर गया है। बोर्ड के गिरने के कारण दो तरह की यातायात व्यवस्था बिगड़ गइ है।
रविवार को पिछले कइ दिनाें की तरह ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया हुआ था लेकिन दोपहर करीब दो बजे से तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद देखते ही देखते हवाओं ने आंधी का रूप ले लिया। तेज आंधी चलने के कारण सैंया क्षेत्र के रामपुरा गांव में टीन सेट उड़ने से दो बच्चे घायल हो गए। रुनकता क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। मौसम की पहली झमाझम बरसात से लोगों को गर्मी से तो राहत मिल गयी लेकिन शहर पूरा तलैया बन गया। जगह− जगह जलभराव की सूचनाएं आ रही हैं। वहीं आंधी के कारण बिजली के खंभे उखड़ गए। शहर से लेकर देहात क्षेत्र में बिजली गुल हो गयी है।
अन्य जिलाें के मौसम का हाल
आगरा में मौसम की पहली झमाझम बारिश का असर आसपास के जिलों पर भी पड़ना शुरू हो गया है। फिरोजाबाद में सुबह से दोपहर तक तेज धूप के बाद अब बारिश शुरु हो गयी है। वहीं एटा में आसमान में बादल छा गए हैं। आंधी चल रही है। बारिश के आसार हैं। फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री एवं न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।