UP Weather 2019: बरसात ने बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलों ने बदले हालात
मंगलवार रातभर होती रही बारिश। बुधवार के सुबह से बादल और धूप की लुकाछुपी चलती रही। गुरुवार और शुक्रवार को आसमान रहेगा साफ। बारिश से गिरा तापमान।
आगरा, जागरण संवाददाता। फाल्गुन मास में बारिश और सर्द हवाओं ने माघ मास का अहसास करा दिया है। मौसम के इस परिवर्तन से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार सुबह से मौसम में बदलाव हुआ था। सुबह धूप खिली तो दोपहर में बादल छा गए थे जिसके बाद हुई बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया। रात भर बारिश के बाद बुधवार सुबह बादल और धूप की लुका छुपी होती रही। दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए।
आगरा और आसपास के इलाकों में बारिश एवं ओले गिरे हैं। दयालबाग, रुनकता में ओले गिरने से बर्फ की चादर सी बिछ गई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा लेकिन दो और तीन मार्च को बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा जो कि सामान्य से सात डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
बेमौसम बरसात ने बढ़ाई किसानों की चिंताएं
मंगलवार को मौसम के करवट बदलते ही किसानों की चिंताएं बढ़ गई। सुबह से देर रात तक आसमान पर बादल छाए रहे। रात में बारिश होने से किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। बुधवार को किसानों ने नुकसान से बचने के लिए आलू की खोदाई शुरू कर दी है।
फरवरी माह खत्म होने के कगार पर है और मौसम लगातार करवट ले रहा है। चार दिन पूर्व जहां तेज धूप निकल रही थी, वहीं बीते तीन दिनों से बादलों और बारिश का सिलसिला चल रहा है। मंगलवार को भी मौसम एकदम से सर्द हो गया था। पूरे दिन बादल छाये रहे थे और सर्द हवाएं चलती रही थी। शाम को बारिश शुरू हुई तो रात तक चली। बारिश से खेतों में तैयार हो चुकी आलू की फसल बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। इस कारण ही खोदाई शुरू कर दी गई है। बुधवार को क्षेत्र में ज्यादातर जगह दोपहर से देर शाम तक किसान अपने पूरे परिवार के साथ खेतों में जुटे रहे। महोली निवासी किसान दीपक शाक्य ने बताया कि वह लोग मौसम बदलने से परेशान हैं। अगर ज्यादा बारिश हो गई तो आलू की फसल को काफी नुकसान होगा। इसलिए वो लोग आलू को पहले ही खोद ले रहे हैं। बेमौसम बारिश होने से सरसों की पकी खड़ी फसल भी नष्ट हो जाएगी।