Move to Jagran APP

UP Weather 2019: बरसात के बाद सुबह खिली धूप, जानिये क्या रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग का अनुमान हफ्ते भर में फिर होगी बरसात। फिलहाल रहेगी धूप और बादलों की लुकाछुपी।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Fri, 08 Feb 2019 05:30 PM (IST)Updated: Fri, 08 Feb 2019 05:30 PM (IST)
UP Weather 2019: बरसात के बाद सुबह खिली धूप, जानिये क्या रहेगा मौसम का मिजाज
UP Weather 2019: बरसात के बाद सुबह खिली धूप, जानिये क्या रहेगा मौसम का मिजाज

आगरा, जेएनएन। गुरुवार को दिनभर हुई बरसात के बाद शुक्रवार को जब सुबह धूप खिली तो लोगों को राहत मिली। दिनभर धूप की चमक ने सर्दी का प्रकोप कुछ कम किया। हालाकि धूप और बादलों की लुकाछुपी का खेल दिनभर चलता रहा।

loksabha election banner

मौसम विभाग के अनुसार अभी सात दिन और मौसम का खुशनुमा मिजाज रहेगा लेकिन 14 फरवरी को फिर बरसात आने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।

मौसम का यही रुख आगरा मंडल के अन्य जिलों में भी रहा। मथुरा, कासगंज, एटा, मैनपुरी और फीरोजाबाद में भी मौसम सामान्य ही रहा। हालाकि सर्द हवाएं चलती रहीं लेकिन तेज धूप के कारण सर्दी ने अधिक बेहाल नहीं किया।

गुरुवार रात नौ बजे करीब झमाझम बरसात से शहर के कई लोग परेशान हो गए। दफ्तर एवं दुकान से घर लौट रहे लोग रास्ते में फंस गए। करीब एक घंटे की बरसात से मौसम में ठंडक बढ़ गई। ऐसे में लोगों को शुक्रवार का दिन भी सर्द रहने की उम्मीद थी। हालांकि सुबह दस बजे तक आसमान में बादल छाए रहे थे लेकिन साढ़े 11 बजे करीब धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। दो दिन से धूप न निकलने से परेशान महिला एवं बुजुर्ग धूप का आनंद लेने छतों पर पहुंच गए।

बढ़ रही हैं बीमारियां

मौसम के बदले हुए मिजाज से लोग परेशान हैं। सुबह एवं रात की सर्दी से बुजुर्गवारों के पुराने मर्ज उखड़ रहे हैं तो बच्चे भी परेशान हो रहे हैं। सर्दी, खांसी एवं जुकाम के रोग बढ़ रहे हैं। वहीं कई लोगों को गले में इंफेक्शन की शिकायत भी हो गई है।

अन्नदाता की चिंता बढ़ी

बरसात के बाद अन्नदाता खासा चिंतित है। किसानों को खेतों में खड़ी फसल की ङ्क्षचता सता रही है। गेहूं की पैदावार पर इससे खासा असर पडऩे की आशंका है। रात में होने वाली बरसात से भी उन खेतों में गेंहू की फसल प्रभावित हुई है, जिस पर फलियां आ गई थी। सरसों की फसल में भी पैदावार कम होने की संभावना है। किसानों का मानना है अगर इसी तरह से रोज बरसात होती रही तो फसल को नुकसान पहुंचेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.