मौसम का बदला रुख, आंधी- बारिश संग गिरे ओले
आगरा: भीषण गर्मी और उमस के बाद रविवार को शाम फिर से मौसम ने करवट बदल दी। धूल भरी आंधी के बाद आई बारिश और ओले गिरे। तापमान में आई गिरावट।
आगरा(जागरण संवाददाता): भीषण गर्मी और उमस के बाद रविवार को शाम फिर से मौसम ने करवट बदल ली। शाम करीब पांच बजे से आसमान में अचानक बादल छाने लगे। शहर के आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के बाद बारिश के साथ ओले गिरने शुरू हो गए। हांलाकि मौसम के बदलाव ने भीषण गर्मी से थोड़ी राहत दी।
धूल भरी आंधी चलने के साथ लोगों में तूफान की आशंका को लेकर दहशत भी बैठ गई। मौसम विभाग द्वारा आज और कल तूफान की चेतावनी जारी की हुई है। इसे देखते हुए लोगों ने खास सावधानी बरती।
फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, मथुरा के सुरीर क्षेत्र, फतेहाबाद के गांव तिवाहा में बारिश के साथ ओले गिरे। मैनपुरी के करहल में बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दी। रविवार को सुबह से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस था। वहीं शनिवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस था। तेज धूप झुलसा रही थी। शाम को अचानक बदले मौसम के कारण शहरवासियों ने राहत महसूस की। इस बीच तूफान की आशंका को लेकर भी लोग आशंकित रहे। 11 अप्रैल और दो मई को आये तूफान की यादें मौसम बदलने के साथ ताजा हो जाती हैं। आंधी से गिरा पेड़, बालक हुआ घायल
मथुरा के कस्बा कराहरी के नजदीक गांव बृजीनगरिया में तेज आंधी में पांच वर्षीय बालक पेड़ से टकराकर घायल हो गया। बालक परिजनों के साथ जंगल में पशु चराने गया हुआ था। तभी तेज आंधी की चपेट में आकर वो पेड़ से टकरा गया। जिसके चलते उसके सिर में चोट आ गई। वहीं मथुरा में आंधी के चलते विद्युत पोल सड़क के बीचों बीच गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया।