गंगाजल की मात्र बढ़ाएगा जल संस्थान, अब मिलेगा प्रतिदिन इतना बढ़ा हुआ पानी
वर्तमान में 74 एमएलडी गंगाजल और 70 एमएलडी यमुना जल की हो रही है आपूर्ति। 200 एमएलडी करने के प्रयास।
आगरा, जागरण संवाददाता। देर आए दुरुस्त आए। यह कहावत जल संस्थान पर सटीक बैठती है। पेयजल संकट की बढ़ती समस्या को देखते हुए संस्थान गंगाजल की मात्र बढ़ाने जा रहा है। हर सप्ताह एक से पांच एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति तब तक बढ़ाई जाएगी जब तक हर दिन 144 एमएलडी गंगाजल और इतना ही यमुना जल मिलना शुरू नहीं हो जाता है।
सिकंदरा में दो जल शोधन प्लांट हैं। इनकी क्षमता 144-144 एमएलडी की है। सिकंदरा वाटरवर्क्स से गंगाजल और एमबीबीआर प्लांट से यमुना जल की आपूर्ति होती है। प्लांट से होकर 1600 और 1200 एमएम की पाइप लाइनें गुजरी हैं। पिछले सप्ताह तक हर दिन 144 एमएलडी (72 गंगाजल और 72 यमुना जल) की आपूर्ति होती थी। शहर में गहराते पेयजल संकट को देखते हुए अब इस सप्ताह से 74 एमएलडी गंगाजल और 70 एमएलडी यमुना जल की आपूर्ति शुरू की गई है। जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि हर सप्ताह गंगाजल की मात्र बढ़ाई जाएगी। कोशिश होगी कि कुल आपूर्ति भी दो सौ एमएलडी तक कर दी जाए।
इसलिए पड़ी जरूरत
यमुना का जलस्तर वर्तमान में 481 फीट पर है। एक फीट पानी कम होता है तो इससे यह न्यूनतम जलस्तर पर पहुंच जाएगा। इसके चलते शहर के एक चौथाई क्षेत्र में जलापूर्ति लड़खड़ा जाएगी।
बेहतर है गंगाजल
यमुना जल के मुकाबले गंगाजल कहीं बेहतर है। यमुना जल के शोधन में हर माह 84 लाख रुपये खर्च होते हैं, जबकि गंगाजल पर दस लाख के करीब खर्चा आ रहा है।
इन क्षेत्रों में नहीं आया पानी
केदारनगर, पृथ्वीनाथ फाटक, आवास विकास सेक्टर एक से तीन, काला महल, रामबाग, शाहगंज, जयपुर हाउस की कई कॉलोनियां।
लाइन में हो सकता है लीकेज
जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि शहर में अधिकांश राइजिंग लाइन 30 से 55 साल पुरानी हैं। अगर एक साथ अधिक मात्र में गंगाजल की आपूर्ति की जाने लगी तो लाइन फट सकती है या फिर वाल्व खराब हो जाएगा।
कई जगह नहीं आया पानी
मंगलवार को शहर के दर्जनभर क्षेत्रों में पानी नहीं आया। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पानी न आने की शिकायत पर जल संस्थान ने कई क्षेत्रों में टैंकर भिजवाए। हालांकि इससे लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो सकीं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप