जर्जर हो रहीं लाइनें, पुराने शहर के डेढ़ लाख घरों को देर शाम मिला पानी Agra News
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से शनिवार सुबह नहीं हुई पानी की आपूर्ति। पांच घंटे में चैंबर में लीकेज की मरम्मत डेढ़ माह में पांचवीं बार दिक्कत।
आगरा, जागरण संवाददाता। पुराने शहर में बिछीं जल संस्थान की लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। महीने में यह पांचवां मौका हैै कि जब शहरवासी पानी संकट से जूझते रहे। चौबीस घंटे तक पानी के लिए हा-हाकार मचा रहा। शनिवार सुबह डेढ़ लाख घरों में पानी नहीं आया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पांच घंटे में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के सामने चैंबर में लीक कर रही लाइन ठीक हुई। तब जाकर शाम को पानी की आपूर्ति हुई।
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के गेट के सामने से होकर 28 इंच की पानी की लाइन गुजर रही है। गुरुवार शाम चैंबर के सामने डेढ़ माह में पांचवीं बार लीकेज हो गया। शुक्रवार को लीकेज ठीक नहीं हो सका। इसके चलते वाटरवर्क्स से जीवनी मंडी, बेलनगंज, धूलियागंज, कचहरी घाट, रावतपाड़ा, छीपीटोला, सिंघी गली, बालूगंज, गधापाड़ा, काला महल, पीपलमंडी, गुदड़ी मंसूर खां, सुभाष बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में पानी नहीं आया। वहीं दयालबाग, कमलानगर ए और बी ब्लॉक, बल्केश्वर में पानी का प्रेशर कमजोर रहा। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लाइन की मरम्मत हुई। उधर, सिकंदरा वाटरवर्क्स से बोदला क्षेत्र में पानी नहीं आया।
लीकेज की मरम्मत पर नहीं ध्यान
जीवनी मंडी रोड और मदिया कटरा तिराहा पर लीकेज से हर दिन लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसकी शिकायत प्रशासनिक अफसरों से की गई है।