मिढ़ाकुर में कच्ची दीवार ढहने से युवक की मौत
पास ही सो रहे थे स्वजन बाल-बाल बचे लेखपाल ने किया मौका मुआयना
जागरण टीम, आगरा। कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई। स्वजन पास ही सो रहे थे। इससे वे बाल-बाल बच गए। लेखपाल ने मौका मुआयना किया।
बिचपुरी ब्लाक के गांव मिढ़ाकुर में स्टेशन मार्ग पर भौटिया समाज के दो दर्जन परिवार रहते हैं। इनमें अधिकांश के घर कच्चे हैं। यहां रहने वाले पप्पू (36) पुत्र भंवर सिंह शुक्रवार रात को परिवार के साथ सो रहे थे। स्वजन ने बताया कि अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। पप्पू मलबे में दब गए। चीखपुकार मचते ही आसपास के लोग पहुंच गए। उन्होंने बाहर निकाला, तब तक पप्पू की मौत हो चुकी थी। पत्नी मंजू ने बताया कि हादसे के दौरान वे कुछ दूर सो रहे थे। तेज हवा चलने के दौरान ही कच्ची दीवार ढही। शनिवार को लेखपाल जयकिशोर निगम ने मौका मुआयना भी किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र रिपोर्ट आख्या उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। नहीं मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
हादसे के बाद मुहल्ले के लोगों ने जमकर आक्रोश जताया। कहा कि पप्पू बेहद गरीब था। उसके दो बच्चे छोटे हैं। उसके असमय चले जाने से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। बावजूद इसके उसे सरकारी आवास दिलाने की पहल किसी ने नहीं की है। मजबूरन उन्हें कच्चे मकान में रहना पड़ रहा है। सफाई के बहाने महिला के जेवरात ले भागे युवक
जागरण टीम, आगरा। जेवरात की सफाई करने आए अपाचे सवार शातिर महिला के हजारों के जेवरात ले भागे। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। सोनिगा, कागारौल निवासी राधा देवी पत्नी लोकेश सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर दो युवक अपाचे बाइक पर चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने बताया कि वे जेवरात साफ करते हैं। यह सुन राधा देवी ने उन्हें अपने सोने-चांदी के जेवरात दे दिए। राधा देवी के मुताबिक युवकों ने कहा कि गरम पानी ले आओ। वह लौटी तब तक दोनों युवक उनकी सोने की जंजीर, मंगलसूत्र व दो अंगुठियां लेकर भाग चुके थे। थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के बारे में पता लगाया जा रहा है। मामले की जांच चल रही है।