वेटर राज चला अभिनेता बनने
ताजनगरी के एक बार में काम करते हुए मिला फिल्मों में काम करने का मिला मौका। तीन और फिल्मों में आगरा का राज निभा रहा अहम किरदार।
आगरा(जागरण संवाददाता): मेहमानों को गिलास परोसते हाथ, एक आवाज पर जी सर, कहने वाला एक दिन हॉलीवुड की फिल्म में अभिनय करता दिखेगा, यह खुद उसने भी नहीं सोचा था। अभिनय की प्रतिभा के धनी रामधनी उर्फ राज ने बार की नौकरी से हॉलीवुड और बॉलीवुड की फिल्मों तक में जो छलांग लगाई उसके लिए ताजनगरी को भी नाज है। विजय नगर कॉलोनी के नगला धनी निवासी राज आज फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी कलाकारों के साथ रूपहले पर्दे पर अदाकारी कर रहे हैं। हाल ही में सिद्धार्थ नागर के निर्देशन में फिल्म थप्पा में एक निगेटिव भूमिका करके वापस लौटे राज से जागरण ने बात की। राज के अनुसार फिल्म थप्पा में वे अभिनेता अयुब खान के साथ दिखाई देंगे।
राज ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत
हाईवे स्थित एक बार एंड रेस्टोरेंट में वेटर का काम करते हुए की थी। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि सिल्वर स्क्रिन पर खुद वो कभी देख सकेंगे। हां फिल्मों में अभिनेताओं के अभिनय को देखते हुए कुछ ऐसा ही करने का शौक जरूर जन्मा था। कुछ वर्ष पूर्व जब उन्हें फिल्म तेवर में रोल मिला तो जैसे उनके सपनों की दुनिया ने उड़ान भर दी। तेवर और दिलफिरे के बाद उन्हें सीधा मौका मिला हॉलीवुड फिल्म में काम करने का।
हॉलीवुड के निर्देशक की फिल्म विक्टोरिया एंड अब्दुल में उन्होंने जेलर की भूमिका की। फिल्म में अभिनेता फैजर अली मुख्य किरदार में हैं।
राज के अनुसार वो बचपन से कुछ ऐसा करना चाहते थे जिससे उनके परिवार का नाम रोशन हो सके। इसलिये उन्होंने सबसे पहले देवी माता की वीडियो एलबम में भूमिका की। फिर शहर में बनी एक छोटी सी फिल्म में रोल किया। फिल्म तेवर में इंस्पेक्टर की भूमिका की। फिल्म दिलफिरे में डकैत की भूमिका की।
मायानगरी में जाकर बसने का कर रहे विचार:
राज आने वाले दिनों में तीन और फिल्मों में दिखाई देंगे। जिनमें से एक शॉर्ट फिल्म है तो एक फिल्म में मोहन जोशी और मुस्ताक खान के साथ विलेन का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। राज का कहना है कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अब तक वे बल्केश्वर के एक डिस्को में रिसेप्शन का कार्य कर रहे हैं लेकिन बॉलीवुड में मिल रहे मौकों के चलते सितंबर में मुंबई जाकर बसने का वे विचार कर रहे हैं।