Move to Jagran APP

मौसम ने फिर खाया पलटा, चली आंधी, गिरे ओले

आगरा:रविवार को सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम बदल गया। आंधी के साथ कई जगहों पर बारिश और ओले गिरे।

By JagranEdited By: Published: Sun, 06 May 2018 05:22 PM (IST)Updated: Sun, 06 May 2018 05:22 PM (IST)
मौसम ने फिर खाया पलटा, चली आंधी, गिरे ओले
मौसम ने फिर खाया पलटा, चली आंधी, गिरे ओले

आगरा(जागरण संवाददाता):

prime article banner

रविवार को सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम के बदलने से लोग सहम गए। तेज धूप और गर्म हवाएं सुबह से थीं। दोपहर तीन बजे करीब अचानक धूल के गुबार आसमान में छाने लगे। जिसकी वजह से लोगों को खासी परेशानी होने लगी। लेकिन थोड़ी ही देर बाद ठंडी हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिली। तेज हवाओं ने आसमान को शहर में तो साफ कर दिया लेकिन आसपास के क्षेत्र में स्थिति बदल गई। बरहन क्षेत्र में अचानक चली तेज आंधी के बाद बादल छाने लगे तो लोगों ने तूफान के डर से दोपहर में ही दुकानें बंद कर अपने घर निकलना बेहतर समझा। खबर लिखे जाने तक बरहन और मथुरा में तेज बारिश के साथ ओले गिरने शुरू हो गए थे। एत्मादपुर तहसील में तेज आंधी चलने से लोग डरे हुए हैं। वहीं फतेहपुर सीकरी में काले बादल छाए हुए हैं। खंदौली में भी धूल भरी आंधी के बाद बरसात शुरू हो गई है। तो जगनेर और तांतपुर में हल्की आंधी चल रही है। वहीं फिरोजाबाद में तेज आंधी के साथ जोर की बौछार आ गई थी। इसके कुछ देर बाद ही तेज धूप निकल आई।

बता दें कि मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए अलर्ट जारी किया हुआ है। अलर्ट के अनुसार आज शाम तक आंधी- बारिश के आसार बन रहे थे लेकिन दोपहर से ही बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार छह से नौ मई तक मौसम खराब हो सकता है।

ताजनगरी में बुधवार को आए तूफान के बाद मौसम विभाग ने तीन से छह मई तक चेतावनी जारी की थी। इस पर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया हुआ है। शुक्रवार आशंकाओं में बीता। शनिवार को आगरा में सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ता गया। बादलों की वजह से उमस अधिक रही। शाम तक आंधी न आने पर राहत की सांस ली। रविवार को फिर सूरज के तेवर तीखे हैं। सुबह से तेज धूप और उमस ने बुरा हाल किया हुआ है। इसे देखते हुए शाम को मौसम के पलटवार की आशंका देखी जा रही है। अब ताजनगरी में छह से नौ मई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. पवन सिसौदिया ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के बनने और उप्र व राजस्थान की सीमा पर लो प्रेशर एरिया बनने की वजह से यह स्थिति हो रही है। नमी अधिक होने की वजह से यहां तूफान अधिक कहर ढहा रहा है। रविवार व सोमवार को दोपहर बाद आंधी आ सकती है। नौ मई को सुबह या शाम आंधी के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है। पुलिस कर रही मुनादी

11 अप्रैल और दो मई को आए तूफान के चलते पुलिस खासी सतर्कता बरत रही है। रविवार को दोपहर को चली आंधी के बाद खेरागढ़ पुलिस माइक के सहारे देहात के लोगों को आंधी, तूफान में सुरक्षित स्थान पर रहने की हिदायत दे रही है। फिरोजाबाद में आंधी से गिरा पेड़

फिरोजाबाद के टूंडला तहसील के पास आई तेज आंधी से पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से यातायात रुक गया। जिला मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर लालई गांव में ओलावृष्टि होने से कई पेड़ टूट गए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.