उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने उठाया ऐसा कदम कि उड़ गए पुलिस के होश Agra News
पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो एसएसपी ऑफिस के सामने किया आत्मदाह का प्रयास। घरेलू हिंसा से पीडि़त है विवाहिता।
आगरा जागरण संवाददाता। पति की प्रताडऩा और पुलिस की कार्यशैली से नाराज महिला ने शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर के सामने आत्मदाह की कोशिश की। शरीर पर केरोसिन उड़ेल चुकी महिला को किसी तरह रोका गया। उसे समझाकर घर पहुंचा दिया गया।
सिकंदरा के केके नगर निवासी खुशबू यादव पुत्री विनोद यादव की शादी डेढ़ वर्ष पहले इसी कॉलोनी के प्रीतम सिंह यादव के बेटे लखन से हुई थी। खुशबू के मुताबिक पिता ने शादी में 25 लाख रुपये खर्च किए। ससुराल वाले उससे और दहेज मांगते थे। बुधवार रात पति लखन ने उसका सिर फोड़ दिया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने लखन को पकड़ा लेकिन कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि उसे थाने से फटकार कर भगा दिया गया।
क्षुब्ध होकर शुक्रवार को दोपहर एक बजे खुशबू एसएसपी ऑफिस पहुंची और साथ लाई बोतल से केरोसिन उड़ेल लिया। आग लगाने को माचिस निकाली, तब तक पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। एसएसपी ने उसे समझाकर महिला थाना इंस्पेक्टर के साथ महिला थाने भेज दिया। वहां पति को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। दोपहर तीन बजे महिला को उसके मायके भेज दिया गया। अब दोनों पक्षों को शनिवार को महिला थाने बुलाया है। इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि पति-पत्नी का विवाद है। महिला की शिकायत पर एनसीआर लिखी गई है। थाने से फटकारने का आरोप सही नहीं हैं।
केरोसिन हाथ में लेकर कैसे पहुंच गई?
महिला ने बताया कि वह दो लीटर की बोतल में केरोसिन लेकर वहां पहुंची थी। उसको किसी ने देखा तक नहीं जबकि गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बाद एसएसपी ऑफिस के बाहर खड़े पुलिसकर्मियों की नजर भी उस पर तब पड़ी जब उसने केरोसिन उड़ेल लिया।
होगी विधिक कार्रवाई
महिला ने ऑफिस के बाहर आकर केरोसिन डाल लिया था। उसकी समस्या जान ली गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बबलू कुमार, एसएसपी