वर्चुअल संवाद में वैक्सीनेशन और सैनिटाइजेशन पर जोर
राज्यपाल और मुख्यमंत्री के संबोधन से जुड़े अछनेरा और किरावली के जनप्रतिनिधि व अधिकारी
जागरण टीम, आगरा। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल बैठक में अछनेरा नगर पालिका और किरावली नगर पंचायत के चेयरमैन और अधिशासी अधिकारियों ने सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने राज्यपाल और सीएम का संबोधन सुना। किरावली नगर पंचायत की अध्यक्ष नूतन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बारिश के सीजन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सफाई, वैक्सीनेशन और सैनिटाइजेशन पर जोर दिया गया। प्रत्येक वार्ड में मुहल्ला समितियों को सक्रिय किया जा रहा है। घरों से निकलने वाला कूड़ा नालियों में नहीं गिरने दिया जाएगा। जलभराव और गंदगी से निपटने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। बैठक में अछनेरा नगर पालिका के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, मुकेश पहलवान, मुहम्मद इसराइल, रैनू रामनरेश इंदौलिया, छोटू इंदौलिया, सुंदरलाल बंसल, संतकुमार, अमरपाल मुखिया, गीतम सिंह, फूल सिंह मौजूद रहे। मंदिर विवाद की जांच को पहुंची राजस्व टीम, बयान लिए
जागरण टीम, आगरा। बरहन के नगला नत्था में मंदिर विवाद के बाद गुरुवार को राजस्व टीम ने मौका मुआवजा किया। यहां दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। इसकी रिपोर्ट जल्द एसडीएम एत्मादपुर प्रियंका सिंह को सौंपी जाएगी।
बरहन के नगला नत्था में अमर सिंह और रामवीर का अपने परिवार के ही घनश्याम से विवाद चल रहा है। पिछले दिनों घनश्याम ने पुलिस को सूचना दी थी कि अमर सिंह और रामवीर उनकी जमीन पर मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच निर्माण कार्य रुकवा दिया। यहां स्थापित की जाने वाली मूर्ति को पुलिस थाने ले गई। गुरुवार को पहुंची राजस्व टीम के अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बयान लिए। उन्होंने रिपोर्ट एसडीएम को सौंपने की बात कही। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों पर पाबंदी की कार्रवाई की जा चुकी है।