विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PHOTOS: अरे वाह ये तो अदभुत है... कैसे और क्यों बना ताजमहल? डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ने ताज देखकर पूछे सवाल

Published: Sat, 30 May 2026 12:57 PM (IST)Updated: Sat, 30 May 2026 02:02 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बाउलस और 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ताजमहल पहुंचीं। ...और पढ़ें

HighLights

  1. अमेरिकी राष्ट्रपति की बेटी टिफनी ट्रंप ने ताजमहल देखा

  2. पति माइकल बाउलस के साथ निजी यात्रा पर थीं

  3. उनके साथ 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था

जागरण संवाददाता, आगरा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प ने शनिवार को ताजमहल देखा। होटल अमर विलास पहुंचते ही, उन्होंने पहले ताजमहल देखने की इच्छा जताई। सुरक्षा एजेंसियों ने इस पर तत्काल उनकी विजिट की व्यवस्था कराई। टिफनी ने ताजमहल को अद्भुत कहा।

निजी यात्रा पर आईं टिफनी के साथ उनके पति माइकल बाउलस रहे। दोनों ने सेंट्रल टैंक पर बेंच पर बैठकर हाथों में हाथ डालकर फोटो शूट भी कराया।

tifani trimph agra

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी ने पति के साथ देखा स्मारक

टिफनी चार्टर्ड प्लेन से शनिवार सुबह दिल्ली से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से वह ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित होटल अमर विलास पहुंची। उनका लंच के बाद शाम पांच बजे ताजमहल देखने का कार्यक्रम था। होटल पहुंचने के बाद गायक व मॉडल टिफनी ने लंच से पहले ताजमहल देखने की इच्छा जताई। इस पर तुरंत ताजमहल जाने की व्यवस्था की गई।

tifni picture


होटल पहुंचने पर पहले ताजमहल देखने की इच्छा जताई, कार्यक्रम बदला

टिफनी सुबह 11:50 बजे ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट से ताजमहल नजर आते ही वह उसकी खूबसूरती पर मुग्ध हो उठीं। गाइड रमेश दीवान ने उन्हें शाहजहां द्वारा मुमताज की याद में ताजमहल बनवाने, ताजमहल का निर्माण 22 वर्षों में 20 हजार मजदूरों द्वारा करने, औरंगजेब द्वारा शाहजहां को आठ वर्ष तक आगरा किला के मुसम्मन बुर्ज में बंदी बनाने और वहीं उसकी मौत होने की जानकारी दी। 

tifni taj m picture


टिफनी ने पूछा कि ताजमहल के निर्माण को संगमरमर कहां से आया था। गाइड ने मकराना से संगमरमर आने की जानकारी दी। विजिट के दौरान टिफनी के पति बाउलस ने भी इतिहास में काफी रुचि दिखाई। वह करीब 50 मिनट तक ताजमहल में रहीं और 12:40 बजे होटल अमर विलास लौट गईं।

tifni taj pic


टिफनी डोनाल्ड ट्रंप और उनकी दूसरी पत्नी मार्ला मैपल्स की इकलौती बेटी हैं। वह सिंगर हैं। टिफनी भारत यात्रा पर शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचीं। अब वह शाम को ताजमहल देखने नहीं जाएंगी।