आगरा से बोले नगर विकास मंत्री, शहर स्वच्छ बनाएंगे तो विदेशों में सुधरेगी छवि
कूड़े से आजादी अभियान और स्वच्छता सर्वेक्षण 2109 में आगरा शहर को नंबर वन बनाने के लिए निकाली गई रैली।
आगरा जागरण संवाददाता: पर्यटन नगरी आगरा में हर वर्ष लाखों विदेशी पर्यटक आते हैं। यदि हम अपने शहर को स्वच्छ रखेंगे तो निश्चित ही विदेशों में हमारी छवि सुधरेगी। इससे अधिक से अधिक विदेशी आगरा आएंगे और हमें विदेशी मुद्रा मिलेगी। सोमवार को ताजनगरी में हुई स्वच्छता रैली में आए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने यह बातें शहरवासियों से कहीं।
स्वच्छता रैली के समापन पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए धन की कमी नही है। 16 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता होगी। जो वार्ड अच्छा कार्य करेंगे उन्हें 23 दिसम्बर को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। अधिक बेहतर करने वाले को 25 दिसम्बर को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि स्वच्छता सरकारी नहीं बल्कि सामान्य व्यक्ति का उदेश्य बने। जहां भी जरूरत होगी सरकार सार्वजनिक शौचालय बनवाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक आगरा में 26 हजार शौचालय बन चुके हैं।
तीन किमी लंबी रैली निकाली
कूड़े से आजादी अभियान और स्वच्छता सर्वेक्षण 2109 में आगरा शहर को नंबर वन बनाने के लिए सोमवार सुबह हजारों की संख्या में शहरवासी सड़कों पर उतरे थे। स्वच्छता के प्रति जन जागरण करने के लिए स्वच्छता की शपथ भी ली। करीब तीन किमी लंबी स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन नगर निगम द्वारा किया गया था। महापौर नवीन जैन ने शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठन, विभिन्न स्कूल- कॉलेजों के छात्र- छात्राओं को स्वच्छता की इस अलख में शामिल होने का आह्वान किया था। रैली को एससी आयोग अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया, महापौर नवीन जैन और कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने हरी झंडी दिखाकर आगरा कॉलेज से नगर निगम के लिए रवाना किया था।
शहर में रहे जाम के हालात
सुबह करीब नौ बजे आरंभ हुई रैली के कारण शहर की हृदय सड़क जाम हो गई। सैंकड़ों की संख्या में लोगों के रैली में शामिल होने के कारण एमजी रोड पर एक तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे जाम के हालात बन गए।