इंडिया हाकी कैंप में चुनी गईं उपासना ठाकुर, आगरा से हैं पहली महिला खिलाड़ी
ग्वालियर स्थित एमपी एकेडमी में प्राप्त कर रही हैं प्रशिक्षण। इंडिया हाकी कैंप में चुनी गईं शहर की पहली महिला खिलाड़ी। आगरा में खेल प्रेमियों ने दीं उपासना को शुभकामनाएं। भारतीय महिला टीम का कैंप बेंगलुरू में 28 दिसंबर से 25 जनवरी तक चलेगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा की कई क्रिकेटर्स भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब बारी हाकी की है। सदर निवासी हाकी खिलाड़ी उपासना ठाकुर का चयन इंडिया हाकी कैंप में हुआ है। उपासना, इंडिया हाकी कैंप में चुनी गईं शहर की पहली महिला खिलाड़ी हैं। भारतीय महिला टीम का कैंप बेंगलुरू में 28 दिसंबर से 25 जनवरी तक चलेगा।
हाकी कोच अमिताभ गौतम ने बताया कि उपासना ने एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में हाकी खेलने की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर हास्टल का रुख किया। इन दिनों वो ग्वालियर स्थित एमपी एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उपासना ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और जूनियर नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। एकेडमी की ओर से पांच बार वो विदेशी टूर भी कर चुकी हैं। इंडिया कैंप में चुनी गईं वो शहर की पहली महिला खिलाड़ी हैं। शहर के युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा मिलेगी। राजीव सोई, शैलेष सिंह, डा. निशांत चौहान, संजय नेहरू, केपी यादव, अजय सिंह, शाहिद अंसारी, आमीन, फिरोज आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।