विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंबल पुल पर जान देने लटका युवक, बोला- मुझे एमपी पुलिस पर भरोसा नहीं; यूपी पुलिस के पहुंचते ही 10 मिनट में माना

Published: Mon, 24 Aug 2026 12:01 AM (IST)

प्रेम विवाह के विवाद से परेशान एक युवक ने चंबल पुल पर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. युवक ने प्रेम विवाह विवाद में चंबल पुल पर आत्महत्या का प्रयास किया।

  2. एमपी पुलिस पर अविश्वास के कारण यूपी पुलिस ने उसे बचाया।

  3. यूपी पुलिस ने न्याय का आश्वासन देकर युवक को सुरक्षित उतारा।

जागरण संवाददाता, आगरा। नंदगवां-अटेर चंबल पुल पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक आत्महत्या के इरादे से पुल के जाल से लटक गया। कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे एडिशनल सीपी की नजर मामले पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मध्य प्रदेश प्रशासन को सूचना दी।

अटेर पुलिस की टीम करीब तीन घंटे तक युवक को समझाती रही, लेकिन वह मध्य प्रदेश प्रशासन पर भरोसा नहीं होने की बात कहते हुए नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में एडिशनल सीपी की सूचना पर खेड़ा राठौर पुलिस मौके पर पहुंची। यूपी पुलिस पर भरोसा जताने के बाद युवक महज 10 मिनट में सुरक्षित पुल पर आ गया।

यह है पूरा मामला

दोपहर करीब तीन बजे एडिशनल सीपी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करने के लिए नंदगवां-अटेर चंबल पुल पर पहुंचे थे। इसी दौरान पैदल गुजर रहे एक व्यक्ति ने उन्हें आवाज देकर बताया कि एक युवक पुल के जाल से लटककर चंबल में कूदने का प्रयास कर रहा है।

सूचना मिलते ही एडिशनल सीपी मौके पर पहुंचे और मध्य प्रदेश प्रशासन को सूचना देकर पुलिस को बुलाया। अटेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब तीन घंटे तक पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाती रही, लेकिन युवक लगातार मध्य प्रदेश प्रशासन पर विश्वास नहीं होने की बात कहता रहा। उसका कहना था कि वह मध्य प्रदेश पुलिस के कहने पर नीचे नहीं आएगा।

इसी बीच एडिशनल सीपी की सूचना पर थाना खेड़ा राठौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यूपी पुलिस ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया। करीब 10 मिनट की बातचीत के बाद युवक यूपी पुलिस के भरोसे पर नीचे आने के लिए तैयार हो गया।

प्रेम विवाह के बाद जेल जाने का दावा

पुलिस के अनुसार पुल से उतारे गए युवक की पहचान गोलू उम्र 24 वर्ष निवासी नखरौली, थाना सुरपुरा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। गोलू ने बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले हिम्मतपुरा निवासी पूनम यादव से प्रेम विवाह किया था। उसके मुताबिक पूनम के पिता ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते उसे करीब छह महीने जेल में रहना पड़ा।

बाद में पूनम ने उसके पक्ष में बयान दिए और जमानत मिलने के बाद वह घर लौट आया। गोलू का आरोप है कि इसके बाद पूनम के पिता उसे मायके से यह कहकर अपने मामा के घर ले गए कि कुछ दिन बाद वापस भेज देंगे, लेकिन करीब चार महीने पहले शिकोहाबाद में उसकी दूसरी शादी करा दी। युवक का दावा है कि मौका मिलने पर पूनम दोबारा उसके पास आ गई।

गोलू के मुताबिक पूनम ने करीब 15 दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया, जिसका नाम उसने खुशबू रखा। आरोप है कि कुछ दिन पहले पूनम के मामा आए और जबरन पूनम तथा 15 दिन की बच्ची को अपने साथ शिकोहाबाद ले गए। इससे आहत होकर युवक चंबल पुल पर पहुंचा और जान देने का प्रयास किया।

युवक ने पुलिस से कहा कि यदि उसकी पत्नी और नवजात बेटी उसे नहीं मिलीं तो वह चंबल में कूदकर जान दे देगा। यूपी पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यूपी पुलिस पर भरोसा है, मेरे साथ धोखा न हो

पुलिस के समझाने पर नीचे उतरते समय युवक ने कहा कि उसे मध्य प्रदेश प्रशासन पर भरोसा नहीं है। उसका आरोप था कि मध्य प्रदेश पुलिस प्रशासन उसके साथ पहले मारपीट की कर चुका है और वह लड़की के पिता से मिले हुए हैं।

उसने यूपी पुलिस से कहा कि वह पुलिस के भरोसे नीचे आ रहा है, लेकिन उसके साथ मारपीट या धोखा नहीं होना चाहिए। करीब साढ़े तीन घंटे चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा और थाना खेड़ा राठौर पुलिस के साथ जाने को तैयार हो गया। पुलिस ने उसे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

मौके पर थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह, उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, उप निरीक्षक राजेश्वर प्रताप यादव समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने युवक को सुरक्षित थाने ले जाकर पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।