UP MLC Election 2026: आगरा में थमने वाला है प्रचार का शोर, 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव का प्रचार 21 अक्टूबर को थम जाएगा। 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां रवाना ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 21 अक्टूबर की शाम चार बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। दोनों सीट के 25 प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। 22 अक्टूबर की सुबह साढ़े 10 बजे आगरा, मथुरा सहित 12 जिलों से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी।
23 अक्टूबर की सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद सभी जिलों की पोलिंग पार्टियां फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी पहुंचेंगी। प्रत्येक जिले के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाएं जमा होंगी। 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।
एमएलसी चुनाव में शिक्षक में 12 और स्नातक में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। आगरा खंड के 12 जिलों में शिक्षक में 50 हजार और स्नातक में 1.80 लाख मतदाता हैं। अन्य चुनाव से एमएलसी चुनाव भिन्न हैै। इसमें प्रत्याशी के खर्च की कोई सीमा नहीं होती है। न ही कोई चुनाव चिन्ह बैलेट पेपर में अंकित होता है। प्रत्याशी की फोटो और उसके क्षेत्र का नाम अंकित होता है।
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि मतदाता सूची में नाम होने पर मतदान का मौका मिलेगा। मतदाता बैलेट पेपर में सही या फिर क्रास का चिन्ह नहीं बनाएंगे बल्कि अपनी पसंद के प्रत्याशी के आगे अंक लिखने होंगे। इसके लिए मतदाताओं को बैंगनी रंग का स्केचपेन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एमएलसी चुनाव की मतगणना गल्ला मंडी में होगी।
आगरा जिले में मतदाता और बूथ :
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
- 15788 कुल जिले में मतदाता
- 8320 पुरुष मतदाता
- 7468 महिला मतदाता
- 27 बूथ जिले में हैैं
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
- 24426 जिले में मतदाता हैं
- 14702 पुरुष मतदाता हैं
- 9724 महिला मतदाता हैं
- 48 जिले में कुल बूथ हैं
