CM योगी के लिए रातों-रात बनी सड़क, चार महीने से धूल फांक रही थी आगरा की जनता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे से पहले नगर निगम ने 7 घंटे में 600 मीटर सड़क का निर्माण किया, ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर बनाई गई सड़क।
HighLights
सीएम योगी के लिए 7 घंटे में 600 मीटर सड़क बनी।
सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में लापरवाही उजागर हुई।
जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 51 दिनों के बाद शुक्रवार को फिर से शहर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने सात घंटे में 600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कर दिया। जिससे गड्ढे या फिर कीचड़ में मुख्यमंत्री कार न फंसे। सड़क निर्माण को लेकर जनता हर दिन शिकायतें कर रही थीं और धूल फांक रही थी। गुरुवार को बरसात के चलते दो पंप भी लगाए दिए गए हैं।
वहीं सीएम ग्रिड योजना में चल रहे कार्यों की असलियत कुछ और ही है। दिल्ली गेट हो या फिर कालिंदी विहार रोड, बसई सब्जी मंडी रोड, कोठी मीना बाजार रोड। इन सड़कों की हालत बदतर है। हर दिन धूल उड़ती रहती है और जाम में लोगों को परेशान होना पड़ता है। संरक्षा के इंतजाम भी नदारद हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 और 26 जुलाई को आगरा आए थे। बैठक में उन्होंने सीएम ग्रिड योजना के कार्य में सुधार पर जोर दिया था। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए कहा था। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और डीएम मनीष बंसल ने कई सड़कों का निरीक्षण किया। एक माह तक कुछ सुधार आया लेकिन फिर कार्यों की मानीटरिंग को ढीला छोड़ दिया गया।
जिन सड़कों की खोदाई हुई। उनकी ठीक तरीके से मरम्मत नहीं की गई। न ही नगर निगम के अभियंताओं ने इस ओर ध्यान दिया। यहां तक शिकायतों को भी नजरअंदाज कर दिया गया। होटल अमर से शमसाबाद रोड की चार माह पूर्व खोदाई हुई थी। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क के समतलीकरण की मांग की लेकिन यह कार्य नहीं हुआ। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आगरा आ रहे हैं।
दिवंगत भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा के विभव नगर ताजगंज स्थित आवास पर जाएंगे। जिसे देखते हुए निगम प्रशासन ने एक तरफ की एक किमी लंबी सड़क का निर्माण कर दिया है। सड़क पर बिटुमिन की एक परत बिछाई गई है। कीचड़ और गंदगी को छिपाने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर हरा पर्दा लगा दिया गया है। इसके लिए होर्डिंग भी लगाए जा रहे हैं।
मुख्य अभियंता नगर निगम अरविंद कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए एक तरफ की सड़क का निर्माण हुआ है। कार्य पूरा होने के बाद सड़क का ठीक तरीके से निर्माण होगा।
इनकी है जिम्मेदारी
सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, अवर अभियंता हरीओम, मुकेश, कृष्ण गोपाल, सहायक अभियंता जीवेक सोनी।
यह हैं सीएम ग्रिड योजना के कार्य
- हरीपर्वत चौराहा से दिल्ली गेट होते हुए रवि अस्पताल तक 1.25 किमी लंबी सड़क बन रही है। यह कार्य 31.82 करोड़ रुपये से हो रहा है। निर्माणदायी एजेंसी श्रीराम कंस्ट्रक्शन
- टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार स्थित नेशनल हाईवे-19 की सर्विस रोड 2.88 किमी लंबी रोड बन रही है। यह कार्य 75.40 करोड़ रुपये से हो रहा है। निर्माणदायी एजेंसी कोनार्क एसोसिएट
- ताजगंज स्थित बसई मंडी से इंद्रापुरम चौराहा मार्ग दो किमी बन रही है। यह कार्य 42.78 करोड़ रुपये हो रहा है। निर्माणदायी एजेंसी ईको ग्रीन-जय बिल्डर सहित अन्य।
- इंद्रापुरम चौराहा से अमर होटल मार्ग तक ढाई किमी लंबी रोड बन रही है। यह कार्य 47.43 करोड़ रुपये से हो रहा है।निर्माणदायी एजेंसी ईको ग्रीन-जय बिल्डर सहित अन्य।
- सुभाष पार्क एमजी रोड से पचकुइयां होते हुए कोठी मीना बाजार मैदान से मारुति एस्टेट चौराहा तक रोड 3.40 किमी लंबी रोड है। यह कार्य 79.15 करोड़ रुपये से हो रहा है। निर्माणदायी एजेंसी कोनार्क एसोसिएट
