विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं आगरा, जनसभा को लेकर होने लगी साफ-सफाई

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 11:49 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा आ रहे हैं, जहां वे फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा करेंगे। उनके ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शहर आएंगे। फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा करेंगे। मुख्यमंत्री ढाई घंटे तक शहर में रहेंगे। वह दिवंगत भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा के विभव नगर ताजगंज आवास में भी जाएंगे। 20 मिनट तक रुकेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बुधवार को नगर निगम की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। अवैध होर्डिंग को उतारा गया और सीएम ग्रिड में खोदी गई होटल अमर से शमसाबाद रोड की एक लेन का निर्माण किया गया। मिट्टी के ढेरों को हटा दिया गया है। फतेहाबाद रोड, माल रोड और कैंट स्टेशन रोड पर जगह-जगह डिवाइडर की रंगाई और पुताई भी की गई। यह कार्य गुरुवार की शाम तक चलेगा।

आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान 23 अक्टूबर को होगा। शिक्षक में भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर हरि किशोर तिवारी सहित 12 और स्नातक में भाजपा प्रत्याशी और एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह सहित 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा शुक्रवार दोपहर टाटा मैदान फतेहाबाद रोड पर होगी।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए डीएम मनीष बंसल, नगरायुक्त संतोष कुमार ने संबंधित रूट का निरीक्षण किया। अधिकारियों की शाम को बैठक भी हुई। अधिकारियों ने दिवंगत भाजपा विधायक छोटे लाल के विभव नगर ताजगंज स्थित आवास के पास का निरीक्षण किया। होटल अमर से शमसाबाद रोड की तरफ सीएम ग्रिड में कार्य हुआ है। हर पल मिट्टी उड़ती रहती है। जगह-जगह गड्ढे हैं।

जिसे देखते हुए एक लेन का डामरीकरण किया गया है। तीन टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया गया। 50 मजदूरों को लगाकर डिवाइडर सहित अन्य की रंगाई-पुताई कराई जा रही है। 70 कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई। इसके अलावा निर्माण विभाग द्वारा सड़कों की मरम्मत की जा रही है। विभिन्न गड्ढों को भरा जा रहा है। यह कार्य गुरुवार की रात तक पूरे होंगे।