Move to Jagran APP

UP Block Pramukh Chunav Result 2021: आगरा मंडल के ब्लाक प्रमुख चुनाव में हंगामे के बीच कहीं जश्न, कहीं गम

UP Block Pramukh Chunav Result 2021 आगरा मथुरा फीरोजाबाद मैनपुरी और कासगंज में ब्लाक प्रमुख पद के लिए मतदान हुआ। ग्राम पंचायत चुनाव में अन्य पदों की तरह इस पद पर भी भाजपा का दबदबा बना रहा। हालाकि मथुरा और फीरोजाबाद में चुनाव के बीच हंगामा भी हुआ।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Sat, 10 Jul 2021 06:46 PM (IST)Updated: Sat, 10 Jul 2021 06:46 PM (IST)
UP Block Pramukh Chunav Result 2021: आगरा मंडल के ब्लाक प्रमुख चुनाव में हंगामे के बीच कहीं जश्न, कहीं गम
फीरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी पर बेईमानी का आरोप लगाते हुए सपा ने हाइवे पर धरना दिया।

आगरा, जेएनएन। ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर ब्रज में दिनभर गहमागहमी रही। अधिकांश जिलों में भाजपा व सपा प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर रही है। फीरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी पर बेईमानी का आरोप लगाते हुए सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव, एमएलसी डा. दिलीप यादव के साथ हाईवे पर धरने पर बैठ गए। मथुरा के नौहझील ब्लाक में एक वोट निरस्त किए जाने पर भाजपा प्रत्याशी धरने पर बैठ गए। 

loksabha election banner

बरौली अहिर ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी उत्तम सिंह ने फहराया परचम

आगरा जिले के 15 ब्लॉक में 14 ब्लॉकों पर भाजपा प्रत्याशी ब्लाक प्रमुख बन चुके हैं जबकि शनिवार सुबह 11:00 बजे से बरौली अहिर ब्लॉक में मतदान शुरू हुआ। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां पर कुल 130 पंचायत सदस्य हैं। इसमें भाजपा प्रत्याशी उत्तम सिंह को 90 और सरिता को 40 वोट मिले। सहायक रिटर्निंग अधिकारी योगेश कुमार ने उत्तम सिंह को विजेता प्रमाण पत्र दे दिया है।

फीरोजाबाद में सपा− भाजपा का कड़ा मुकाबला, सपा ने लगाया आरोप

फीरोजाबाद जिले के छह ब्लाकों पर शनिवार को प्रमुख पद के लिए मतदान हुआ। फीरोजाबाद और शिकोहाबाद में सपा और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला था, लेकिन दोनों ब्लाकों पर भाजपा का कब्जा रहा। हालांकि सपा ने पुलिस प्रशासन पर मतदान में धांधली का आरोप लगाया। फीरोजाबाद में सपा जिलाध्यक्ष डीपी सिंह और एमएलसी डा. दिलीप यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे पर धरना दिया। अरांव, मदनपुर और जसराना ब्लाक में भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई, केवल हाथवंत ब्लाक में ही भाजपा के घोषित प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।

मथुरा में रहा भाजपा का दबदबा  

मथुरा जिले के दस ब्लाकों में से चार ब्लाक प्रमुखों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। गोवर्धन के चर्चित चुनाव में भाजपा के भूपेंद्र चौधरी को निर्दलीय विपिन सिंह ने पराजित कर दिया। यहां पूरे जिले की नजर लगी थी। राया में भाजपा की बागी चंचल चौधरी ने सावित्री देवी को पराजित किया। मथुरा में भाजपा की बागी प्रेमलता गौतम ने भाजपा प्रत्याशी मुन्नी दिवाकर को हरा दिया। नौहझील ब्लाक में निर्दलीय योगेश शर्मा ने एक वोट से जीत दर्ज की। पूर्व में छह ब्लाकों में चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

मैनपूुरी में छह सीटाें पर हुआ मतदान 

ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए शनिवार को मैनपुरी जिले में छह सीटों पर मतदान हुआ। अभी तक आए परिणाम के अनुसार, करहल से सपा के प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव के भांजे एमएलसी अरविंद प्रताप यादव की अनुज वधु मीनाक्षी यादव जीती हैं। कुरावली से भाजपा की संगीता यादव, सुल्तानगंज से निर्दलीय कश्मीर राजपूत, जागीर से भाजपा के मनेश चौहान जीते हैं, जबकि बेवर ब्लाक में भाजपा के सतेंद्र दिवाकर जीत गए हैं। किशनी ब्लाक प्रमुख का पद भाजपा की सोनम बाल्मीकि ने विजय हासिल की। घिरोर से भाजपा के सत्यपाल यादव, मैनपुरी से भाजपा की रीतू भदौरिया और बरनाहल ब्लाक से सपा के नीरज यादव निर्विरोध हो चुके हैं। सपा ने चुनाव के दौरान जागीर और किशनी में प्रशासन पर बेईमानी कराने का आरोप लगाया है।

कासगंज के सोरों और गंजडुंडवारा में हुआ चुनाव

कासगंज जिले के सात विकास खंडों में से पांच पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित किए जा चुके थे। सोरों और गंजडुंडवारा में मतदान हुआ। सोरों में सपा प्रत्याशी सीमा यादव 12 मतों के अंतर से जीती हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी उर्मिला यादव को हराया है। सीमा को 61 एवं उर्मिला को 49 वोट मिले हैं। जबकि गंजडुंडवारा में भाजपा प्रत्याशी शांति देवी ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज कराई है। जहां 92 मतदाताओं में से मात्र 59 मतदाता बीडीसी सदस्यों ने वोट डाले। जिनमें से 56 वाेट शांति देवी को मिले हैं। एक-एक वोट अन्य प्रत्याशियों को मिले हैं। डीएम सीपी सिंह ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी दिए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.