आगरा, जागरण टीम। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एटा जिले के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से 2019 तक विरोधियों ने खूब कोशिश की, लेकिन भाजपा के आगे नहीं टिके। 2017 से 2022 तक भू-माफियाओं के खिलाफ ट्रेलर था, आगे देखना कैसे बुलडोजर चलेगा। प्रदेश में भाजपा की आंधी चल रही है। सपा का खाता पिछली बार चारों सीटों पर नहीं खुला, इस बार भी नहीं खुलेगा। फिर वे मुगेरीलाल के सपने देख रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि अलीगंज सीट पर सत्यपाल सिंह राठौर नहीं, केशव प्रसाद को प्रत्याशी समझें। मैं आपका सिर नहीं झुकने दूंगा आप मेरा सिर न झुकनें दें। कमल का फूल उत्तर प्रदेश के लोगों के मन में बसा है। सुरक्षा, विकास के लिए हमें वोट दें। सपा, बसपा, कांग्रेस ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया। सपा का नारा खाली प्लाट हमारा। बड़े-बड़े माफिया बिल के अंदर घुस गए, इन्हें बिल में रखना है या नहीं। अखिलेश यादव जी यह वही सपा है, जिसने जनता को छला था। ये सत्ता में नहीं आ रहे सिर्फ धमकी दे रहे हैं। धमकी देने वालों की हम सूची बना रहे हैं। इनकी सरकार में खुद का साथ खुद का विकास होता था। इनकी सरकार में धर्म और जाति के नाम पर समाज बांट दिया जाता है, जब भाजपा की सरकार होती है तो ऐसा नहीं होता। आज बताऔ गरीब के घर में बिजली पहुंचा है या नहीं। ये कहते थे कि वैक्सीन भाजपा की है, लेकिन वैक्सीन तो वैज्ञानिकों ने बनाई है, इन्हें वैज्ञानिक याद नहीं आते। मतदान के दिन जाना है, कमल का बटन दबाना है। बताओ सम्मान निधि सबसे खाते में आती है कि नहीं। वह तो हिंदू के खाते में भी आती है और मुसलमान के में भी। हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास चाहती है।