मायावती के जन्मदिन पर ही करीबी ने छोड़ा साथ, पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय होने जा रहे भाजपाई
बसपा सरकार में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री रहे थे रामवीर उपाध्याय। शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर सुबह से जुटी है समर्थकों की भीड़। शुक्रवार को दिया था बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा। पत्नी सीमा उपाध्याय रह चुकी हैं फतेहपुरसीकरी से सांसद।
आगरा, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव का समय है। हर दिन बड़े उलटफेर हो रहे हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती का आज जन्मदिन है, उससे पहले ही उनके करीबी झटका दे गए। बहुजन समाज पार्टी में एक समय में कद्दावर माने जाने वाले पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय अब भाजपाई होने जा रहे हैं। बसपा सरकार में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय ने शुक्रवार को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
रामवीर उपाध्याय के आगरा में शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर शनिवार सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जमा है। फतेहपुरसीकरी से बसपा सांसद रहीं पत्नी सीमा उपाध्याय समर्थकों का अभिवादन कर रही हैं। कुछ ही देर में भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, रामवीर उपाध्याय को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। बसपा के लिए रामवीर उपाध्याय का जाना, इस बेल्ट में ब्राह्मण वोट बैंक को क्षति पहुंचा सकता है।