दबंगों की खुली दबंगई, रास्ते में रोक ली महिला, पति आया तो उसे भी न छोड़ा Agra News
बिचपुरी में दबंग भाइयों ने की वारदात खेत पर जा रही थी महिला। थाने में चस्पा है एक आरोपित का फोटो। पुलिस बता रही पुराना विवाद।
आगरा, जागरण संवाददाता। गांवों में आज भी दबंगों की खुली दबंगई चल रही है। बिचपुरी में सोमवार को खेत पर जा रही महिला को दबंग भाइयों ने दबोच लिया। शोर मचाने पर पति बचाने गया तो हमला बोलकर उसे भी घायल कर दिया। पीडि़ता ने लूटपाट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा है।
बिचपुरी क्षेत्र निवासी महिला के अनुसार सोमवार की सुबह नौ बजे वह खेत पर जा रही थी। उसका खेत सड़क से लगा हुआ है। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दो सगे भाइयों ने उसे दबोच लिया। पास की एक नव विकसित कॉलोनी में जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। महिला के शोर मचाने पर पति उसे बचाने पहुंचा तो भाइयों ने हमला बोल दिया।
पति की पिटाई लगा दी। राहगीरों को आता देख आरोपित भाग गए। पीडि़त के परिचित गोविंद सिंह ने बताया कि आरोपित दोनों भाइयों ने पांच महीने पहले उस पर गोली चला दी थी। इसका भी मुकदमा जगदीशपुरा थाने में दर्ज है। एक आरोपित की थाने में फोटो चस्पा है। यह फोटो लूट एवं अन्य गंभीर घटनाएं करने वाले शातिरों की पुलिस ने अपने थाने में लगाई थी। मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष के बीच पहले से मुकदमा और चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।