केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू बोले, राहुल गांधी को जवाब देने बैठे तो काम नहीं कर पाएंगे
आगरा में सांसद खेल प्रतिस्पर्धा का उदघाटन करने आए थे केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू। मीडिया से बातचीत में रिजीजू ने कहा कि राहुल गांधी को सीमा सुरक्षा का नहीं कोई ज्ञान। सीधे तौर पर कहा कि राहुल गांधी की बातों में कोई दम नहीं होता।
आगरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय विधि व न्याय मंत्री किरण रिजीजू ने एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रेसवार्ता में राहुल गांधी के भारतीय सीमा में चीन के बस्तियां बसाने के ट्वीट पर कहा कि यह संवेदनशील प्रश्न है। राहुल गांधी को इसके बारे में कुछ पता नहीं है। सीमा, सुरक्षा और संवेदनशील मामलों के बारे में उन्हें कोई ज्ञान नहीं है। उनकी बातों का जवाब देना देश के लिए ठीक नहीं होगा। उनकी बातों में कोई दम नहीं होता है। हमें देश के लिए काम करना है। हम बहुत ही गंभीरता के साथ किसी भी समस्या या मुद्दे को देखकर बात करते हैं। राहुल गांधी की बातों का जवाब देंगे तो हम काम नहीं कर सकेंगे। वो फिजूल की बात करते हैं, जिसे हम तवज्जो नहीं देना चाहते हैं। कृषि कानूनों की वापसी पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बहुत विस्तार से इस बारे में कह चुके हैं। अब अलग से कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। आगरा में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को अधिवक्ताओं द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने पर उन्होंने कहा कि वो अध्ययन करेंगे और उसके बाद विचार करेंगे। अभी कोई घोषणा करना ठीक नहीं होगा।