पांच से शुरू होगी सिकंदरा अंडरपास की एक लेन
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक का कथन नही बंद होगा गुरु के ताल का कट शीघ्र शुरू होगा सिकंदर अंडरपास
आगरा, जागरण संवाददाता। सबकुछ सही रहा तो आगरा-मथुरा हाइवे पर यातायात शीघ्र सुचारु होगा। जाम की समस्या से निजात मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड के परियोजना निदेशक मनोज बंसल के अनुसार 5 दिसंबर से सिकंदरा अंडरपास की एक लेन शुरू हो जाएगी और वर्ष 2021 शुरू होने से पूर्व ही सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी अंडरपास शुरू होगा। हर हाल में कोशिश होगी कि 15 जनवरी 2021 से पूर्व ही सिकंदरा अंडरपास की दूसरी लेन शुरू हो जाए। कामायनी कट को पुन: खोलने के लिए गंभीरता से विचार हो रहा है। यह कट कभी भी खुल सकता है। इतना जरूर है कि जब तक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) पर ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हो जाता तब तक गुरु के ताल का कट बंद नहीं किया जाएगा। नई गाइड लाइन के अनुसार हाइवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहनों का संचालन होना है। यदि उसमें कोई व्यवधान आता है तो रोड सेफ्टी गाइड लाइन के तहत इस कट को बंद करने पर विचार किया जाएगा। जाम से जूझ रहा आगरा-मथुरा हाइवे:
रुनकता, अरतौनी, आशा राम बापू आश्रम कट, सिकंदरा, गुरु का ताल, खंदारी पर जाम लगा रहा। हजारों वाहन इस जाम में फंसे रहे। जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस की ओर से कोई व्यवस्था कहीं नजर नहीं आई। वाहन चालकों ने एनएचएआइ के अधिकारियों को भी फोन किया पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। सिकंदरा के पास तो घटों जाम लगा रहा। छह बार बढ़ चुकी है तारीख, फिर भी निर्माण नहीं
करीब आठ वर्ष पूर्व दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 को छह लेन करने का काम शुरू हुआ था। एनएचएआइ अफसरों की लचर कार्यशैली के चलते अब तक छह बार कार्य पूरा होने की तारीख को बढ़ाया जा चुका है। अब इसकी तारीख दिसंबर 2020 है। कार्य धीमी गति से चल रहा है। ऐसे में निर्धारित अवधि के भीतर कार्य का पूरा होना मुश्किल है। कारण रुनकता व आइएसबीटी पर अभी ओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा है। यही हालत सिकंदरा अंडरपास निर्माण की है। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे एक नजर में
- 180 किमी है दिल्ली से आगरा की दूरी। इस तरह 360 किमी सड़क का चौड़ीकरण हो रहा है।
- 360 में अब तक 345 किमी का हो चुका है चौड़ीकरण।
- 2000 करोड़ रुपये से होना है हाईवे का चौड़ीकरण।
- 2012 से चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ था।
- 2019 जुलाई में काम होना था खत्म, जिसे अब बढ़ाकर दिसंबर 2020 कर दिया गया है।