Murder by Sister: मथुरा में महिला कांस्टेबल के दो साल के बेटे की मौसेरी बहन ने की हत्या
Murder by Sister मौसेरे भाई के दोनों हाथों की काट दी थी नस। इसके बाद अपने हाथों की भी काट ली नस। लहुलुहान हालत में अस्पताल पहुंचे बालक ने तोड़ा दम। युवती की भी हालत गंभीर। घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं।
आगरा, जेएनएन। मथुरा के महिला थाने में तैनात महिला कांस्टेबल के दो वर्षीय बेटे की मौसेरी बहन ने गुरुवार देर शाम दोनों हाथों की नस काटने के बाद खुद की भी नसें काट लीं। लहूलुहान हालत में बालक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती युवती की हालत गंभीर है। वारदात के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बुलंदशहर के थाना शिकरपुर क्षेत्र के गांव जलालपुर करीरा निवासी रेशमा की महिला थाने में तैनाती है। रेशमा के बड़े पुत्र ध्रुव (4) और छोटे पुत्र दुष्यंत उर्फ लड्डू (2) की देखभाल करने के लिए उसकी बहन राजेश की पुत्री पूजा (18) एक साल से यहां रह रही है। रेशमा ड्यूटी से लौटकर देर शाम घर पहुंची। कमरे में उसका छोटा बेटा दुष्यंत उर्फ लड्डू और बहन की पुत्री पूजा दोनों लहूलुहान हालत में पड़े थे। पास में ही ब्लेड का एक टुकड़ा पड़ा था। थाना सदर बाजार पुलिस पुलिस लाइन स्थित महिला कांस्टेबल रेशमा के घर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी उदयशंकर सिंह, सीओ सिटी वरुण कुमार और इंस्पेक्टर सदर बाजार सत्यपाल भी पहुंच गए। उपचार के दौरान बालक ने दम तोड़ दिया, जबकि पूजा का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत नाजुक है। एसएसपी ने बताया, पूजा ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। इसकी असलियत अभी सामने नहीं आई है। वह अभी बेहोश है और बोल नहीं पा रही है। महिला कांस्टेबल और पूजा के स्वजन से जानकारी जुटाई जा रही है। पूजा के होश में आने पर ही घटना की वास्तविकता सामने आएगी।
तनाव में रहती थी पूजा
पूजा अपनी मौसी रेशमा के यहां करीब एक साल से रह रही है। सीओ सिटी वरुण कुमार ने बताया, वह तनाव में रहती थी। तनाव में रहने के कारण उसने ये कदम उठाया। महिला कांस्टेबल भी उसके परेशान रहने का कारण नहीं बता पा रही है।