Road Accident: मथुरा में टोयोटा गाड़ी खड़े वाहन सेे टकराई, दो की मौत Agra News
छाता कोतवाली में हुए हादसे में चार घायल। दूसरा हादसा हुआ छटीकरा में। ऑटो पलटने से तीन श्रद्धालु घायल।
आगरा, जेएनएन। रविवार को मथुरा में अलग अलग सड़क हादसों में दो की मौत और 11 लोग घायल हो गए। जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल को आगरा रेफर कर दिया गया है।
पहले हादसे में गुरुग्राम से रविवार सुबह मथुरा-वृंदावन घूमने के लिए आ रहे ओडिशा के दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। दोनों गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे और आपस में एक-दूसरे के रिश्तेदार भी थे। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के मुलासाठी निवासी सुशांत उर्फ पदमाचरण पुत्र गौरवहरि और लोकपाड़ा निवासी चंदन पुत्र कपिल बेहरा, प्रज्ञा पुत्री परीक्षित, अर्पणा पत्नी सुशांत, लोपा पुत्री मंजकिशोर मथुरा- वृंदावन घूमने के लिए अर्टिगा कार से आ रहे थे। सुल्तानपुर के थाना गौरीगंज निवासी अमित कुमार कार चला रहे थे। सुबह करीब सात बजे नेशनल हाईवे पर गांव दौताना के समीप कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि सभी सवारियां कार में फंस गईं। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को निकाल कर केडी मेडिकल हॉस्पिटल भिजवाया। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि सुशांत और चंदन की तब तक मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। सभी आपस में रिश्तेदार थे।
वहीं दूसरा हादसा वृंदावन में रुक्मिणी विहार के पास हुआ। छटीकरा से वृन्दावन आ रहा ऑटो रुक्मिणी विहार के समीप आगे चल रही कार को बचाने के चक्कर मे अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार जींद और पटियाला के तीन श्रद्धालु घायल हो गए। जिनमें से एक की हालात गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। दो लोगो का जिला संयुक्त चिकिसालय में उपचार चल रहा है। उधर यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार रात नोएडा से आगरा की ओर जा रही बोलेरो गाड़ी अज्ञात वाहन की टक्कर से कलाबाजी खाते हुए रेलिंग लांघकर दूसरे रोड पर जाकर पलट गई। जिससे उसमें सवार चालक समेत दो लोग घायल हो गए। चालक चंद्रकिशोर यादव निवासी आजमगढ़ ने बताया कि मिराज निवासी बिहार के साथ शनिवार रात बोलेरो गाड़ी लेकर नोएडा से यमुना एक्सप्रेस वे पर होकर झारखंड जा रहे थे। थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 86 के समीप अचानक गाड़ी सड़क पर लहराने लगी, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन उनकी बोलेरो गाड़ी में टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई और रेङ्क्षलग तोड़ते हुए दूसरे रोड पर जाकर पलट गई। हादसे की सूचना पर सुरीर पुलिस व एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद सड़क पर पलटी पड़ी गाड़ी को क्रेन की मदद से हटवा कर आवागमन सुचारू करा दिया।