Accident on Yamuna Expressway: अज्ञात वाहन से टक्कर में कार सवार बाप बेटे की माैत Agra News
मथुरा के थाना बलदेव के अंतर्गत मंडोरा गांव के पास हुआ। नोएडा से आगरा आते वक्त हुआ हादसा।
आगरा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह दिल्ली से आगरा जा रही फोर्ड फिगो कार आगे चल रहे ट्रक में टकरा गई। कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। पत्नी- बेटी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दिल्ली में रह रहे कार सवार अपने पैतृक गांव घूमने जा रहे थे। सी-181 भगवती विहार (उत्तमनगर) नई दिल्ली में रह रहे रनवीर सिंह अपनी कार में पत्नी मधु, बेटा दीपक, बेटी सुधा व दोस्त मोहित के साथ बुधवार तड़के अपने पैतृक गांव कुतुबपुर (आगरा) जा रहे थे। मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 130 के पास सुबह करीब पांच बजे अचानक उनकी कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोग हादसा देख मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। जब तक कार सवारों तक मदद पहुंचती रनवीर सिंह (45) पुत्र नारायण सिंह की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आगरा के एक निजी अस्पताल भिजवा दिया। जहां इलाज के दौरान रनवीर सिंह के बेटे दीपक (18) ने भी दम तोड़ दिया। तीनों घायलों की हालत भी चिंताजनक बताई गई है।