सड़क हादसों में दो की मौत, सैंया थाने के दारोगा समेत दो घायल
गिट्टी से लदे डंपर ने तेहरा में सड़क किनारे खड़े युवक को रौंदा। बाह में घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
जेएनएन, आगरा। अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक ने घायल अवस्था में अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य हादसे में सैंया थाने के दारोगा व एक युवक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मनिया, धौलपुर के थाना बरेठा निवासी मोहन (24) पुत्र भूरी सिंह मजदूरी करता था। शनिवार की शाम 4:30 बजे वह अपने चाचा कोमल के साथ आगरा जाने के लिए सैंया के तेहरा चौराहा पर वाहन का इंतजार कर रहा था। धौलपुर की तरफ से गिट्टी लेकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे चपेट में ले लिया। इससे मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद चालक डंपर छोड़ भाग निकला। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। इसकी सूचना पर स्वजन में कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि तीन भाइयों में सबसे छोटे मोहन की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसकी दो माह की बेटी भी है। वहीं दूसरा हादसा शाम 5:30 बजे हुआ। सैंया थाने में तैनात दारोगा ओमवीर सिंह बाइक से खेरागढ़ जा रहे थे। अयेला पुलिस चौकी के पास उनकी बाइक गाय से टकरा गई। इससे वे घायल हो गए।
बाह के महावीर नगर, बिजौली निवासी भूपेंद्र सिंह (22) पुत्र विनोद सिंह चार दिन पूर्व हादसे में घायल हो गए थे। वे बाइक से अपने रिश्तेदार को हरलालपुरा छोड़कर लौट रहे थे। चागौली में पुलिया के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर पलट गई। पुलिस ने उन्हें शहर के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार की रात उपचार के दौरान भूपेंद्र ने दम तोड़ दिया।
बुलंदशहर निवासी उत्तम सिंह शनिवार की शाम पांच बजे कार से आगरा से बुलंदशहर जा रहे थे। एत्मादपुर क्षेत्र में इनररिग रोड स्थित रहनकलां रोड टोल प्लाजा के पास उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे वह घायल हो गए।
नशेबाजों की कार की चपेट में आकर गई थी मजदूर की जान
जेएनएन, आगरा। पिनाहट में आगरा-बाह मार्ग स्थित मानिकपुरा में सड़क पार करते समय हुई मजदूर की मौत के मामले में उनके पुत्र ने कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पवन कुमार के मुताबिक उसके पिता शुक्रवार सुबह रोड पार कर रहे थे। तभी कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौत हो गई। एफआइआर में लिखा है कि कार सवार सभी लोग शराब के नशे में धुत थे। इनमें से दो भाग निकले, जबकि दो पुलिस ने पकड़ लिए। पुलिस ने कार से शराब की बोतल भी बरामद की है। भजनलाल मजदूरी कर घर का पालन कर रहे थे। उनके छह बेटे व एक बेटी है। सभी अविवाहित हैं। उनकी मौत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।