IIA के राष्ट्रीय सम्मेलन में इंडस्ट्री की संभावना और चुनौतियों पर दो दिन होगा मंथन, आज राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल करेंगे उद्घाटन
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सदस्यों के चैप्टर की गतिविधियां संगठन के विकास और उसकी मजबूती इंडस्ट्रीज की चुनौतियों और उनके समाधान के विषयों पर चर्चा करना है। सम्मेलन में 259वीं सीईसी का आयोजन भी होगा। वर्ष 2019-20 में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आइआइए) का दो दिवसीय राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन पांच व छह फरवरी को होगा। सम्मेलन का उद्घाटन कौशल विकास व व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल करेंगे। उनके द्वारा आइआइए मार्ट का शुभारंभ भी किया जाएगा।
यह जानकारी गुरुवार को आइआइए के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि होटल कोर्टयार्ड मैरियट में होने वाले दो दिन के सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सदस्यों के चैप्टर की गतिविधियां, संगठन के विकास और उसकी मजबूती, इंडस्ट्रीज की चुनौतियों और उनके समाधान के विषयों पर चर्चा करना है। सम्मेलन में 259वीं सीईसी का आयोजन भी होगा। वर्ष 2019-20 में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। सम्मेलन के दूसरे दिन छह फरवरी को एमएसएमई इंडस्ट्री की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसे बाद में केंद्र व प्रदेश सरकार केे सामने रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में औद्योगिक क्षेत्रों में आने वाली समस्या और नई औद्योगिक भूमि की उपलब्धता और उसके दाम, प्रदेश में बिजली की दर समीपवर्ती राज्यों की तुलना में बहुत अधिक होना और भूगर्भ जल की स्थिति चिंता हाेने व इसका समाधान निकालने के लिए इन विषयों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कपिलदेव के सामने रखा जाएगा। इसके साथ आइआए मार्ट का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस वेब पोर्टल के जरिए आइआइए के सदस्यों के उत्पादों को बाजार मिल सकेगा। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महासचिव अश्वनी खंडलेवाल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंदर कुमार जैन, सचिव अमर मित्तल, आगरा चैप्टर अध्यक्ष सुनील सिंघल, अमित बंसल, विवेक मित्तल उपस्थित रहे।