Trump Visit Agra: ट्रंप बोले, ताजमहल देख मैं अभिभूत हूं, Thank you India!
विजिटर बुक पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा ताजमहल बहुत प्रभावित करता है। बेटी इवांका और दामाद जैरेड कुशनर ने भी खूब खिंचवाए फोटो।
आगरा, प्रतीक गुप्ता। ताजमहल। इसका नाम ही खूबसूरती का ऐसा पर्याय बन चुका है कि जो इसके सामने आता है, मंत्रमुग्ध और विस्मय भरे भावों से निहारता ही रह जाता है। ऐसा ही सोमवार को हुआ। जब दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ताज परिसर में पहुंचे। मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर दाखिल होते ही सामने विशाल धवल संगमरमरी इमारत के हुस्न को देख चकित कर रह गए। यही बात उन्होंने ताजमहल में विजिटर बुक में भी लिखी। ट्रंप ने लिखा ताजमहल बहुत प्रभावित करता है, मैं अभिभूत हूँ। यह भारत की समयातीत सांस्कृतिक विभिन्नता व समृद्ध संस्कृति की पहचान है। धन्यवाद, भारत!
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शाम करीब 4:45 बजे ताजमहल परिसर के अंदर पहुंचे। यहां गाइड नितिन सिंह ने उनका स्वागत करते हुए ताजमहल के बारे में जानकारी देना शुरू किया। रेड प्लेटफार्म से नीचे उतरने के साथ ही ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ने ताजमहल को लेकर अपने कौतुहल और जिज्ञासाओं को जाहिर करना शुरू किया। गाइड नितिन ने मुगल शहंशाह शाहजहां और बेगम मुमताज महल की मोहब्बत की इस अजीम निशानी और दुनिया के सात आश्चर्यों में शुमार इस विश्व धरोहर के बारे में जानकारियां देना शुरू किया।
डायना बेंच से आगे बढ़ते हुए ट्रंप और मेलानिया रुमानी हो उठे। ढलते सूरज की शाम के बीच बहती हल्की हवा से मौसम भी खुशनुमा हो चुका था। वे दोनों टहलते हुए मुख्य मकबरे तक पहुंचे। यहां मुगल शहंशाह शाहजहां और मुमताज महल की कब्रों को देखने के बाद ताजमहल पर पच्चीकारी के बारे में जानकारी ली।
दूसरी तरफ बेटी इवांका और दामाद जैरेड कुशनर ने ताजमहल के गार्डन और फाउंटेन के पास खड़े होकर जमकर फोटो कराए। करीब एक घंटे यह परिवार ताजमहल परिसर में रहा। मुख्य मकबरे से वापस लौटते समय ट्रंप और मेलानिया ने भी यहां फोटो कराए। इस दौरान इस परिवार ने सेल्फी भी लिए। शाम छह बजे इस परिवार ने ताजमहल परिसर से वापसी की।