अब मंगलामुखी सखी बाई की भाभी पर दागी गोली
मथुरा में दिया गया लूट की घटना को अंजाम। बेटे को आए थे मारने, बीच बचाव में आई मां पर दागी गोल।
आगरा(जागरण संवाददाता): गौशाला की जमीन के विवाद के चलते पिछले दिनों मथुरा के सुरीर में 84 कोस की परिक्रमा देने आई मंगलामुखी सखी बाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद अब रविवार देर रात उसकी भाभी रामभेजी को कुछ मंगलामुखियों ने गोली मार दी और घर में रखे दो लाख एवं जेवरात सहित कागजात लूट ले गए। इस वारदात के पीछे भी सखीबाई गौशाला की जमीन का विवाद होने की संभावना जताई जा रही है।
मामले के अनुसार मथुरा के कोसीकला कस्बे में बीती रात करीब ढाई बजे सखी बाई की भाभी रामभेजी के घर करीब आधा दर्जन मंगलामुखी व अन्य लोग जबरन घुस आए।
उस वक्त घर में रामभेजी और उनका बेटा संजू थे। हमलावरों ने आते ही घर में संजू के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक मंगलामुखी ने संजू पर तमंचा तान दिया। संजू के बचाव में आई रामभेजी की जांघ में गोली लग गई। रामभेजी को गोली मार हमलावर मौके से फरार हो गए। संजू ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर रामभेजी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद मामले को संज्ञान में लिया। संजू ने आरोप लगाया कि मंगलामुखी माया और बॉबी के साथ अकबर, राजू सहित आधा दर्जन लोगों ने मिलकर गोली मारकर घायल कर दिया।
संजू ने आरोप लगाया है कि आरोपित उसे गोली मारने आए थे लेकिन बीचबचाव करने में उसकी मां को गोली लग गई। आरोपित नगदी और जेवरातों सहित घर में रखे जरूरी कागजातों को भी लेकर फरार हो गए।
55 वर्षीय रामभेजी की जाघ में गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे सोमवार की सुबह आगरा रेफर कर दिया गया। एसएसआई विनोद कुमार तोमर ने बताया कि गोली लगने से एक महिला घायल हो गई है। कुछ वक्त पहले तहरीर मिली है। मामले की पूरी जानकारी लेकर कार्यवाई की जाएगी। जल्द ही फरार आरोपितों की तलाश कर हिरासत में ले लिया जाएगा।