Breaking: हादसे में युवक की मौत, आगरा-ग्वालियर हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम
इरादत नगर के गढ़ी ऊसरा का रहने वाला था युवक। सुबह दौड़ने के लिए आया था हाईवे पर वाहन ने रौंदा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह छह बजे से लगा रखा है जाम। सुबह 10.30 बजे तक नहीं खुल सका था जामा। हाईवे पर दोनों तरफ कई किलोमीटर तक फंसे वाहन।
आगरा, जागरण संवाददाता। ग्वालियर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। हाईवे पर कई किमी तक वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। सुबह 10.30 बजे तक ट्रैफिक जाम खुल नहीं सका था।
इरादत नगर के गढ़ी ऊसरा निवासी केशव चाहर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे वह घर से दौड़ लगाने आया था। हाईवे किनारे वह दौड़ रहा था। तभी किसी वाहन ने उसे रौंद दिया। दुर्घटनास्थल के पास ही पेट्रोल पंप था। पेट्रोल पंप के कुछ परिचित कर्मचारियों ने उसे देखा तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। उन्होंने केशव के स्वजन को फोन पर सूचना दी। हाईवे से दो किमी दूर केशव का गांव है। थोड़ी देर में ही स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कई किमी दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। सीओ खेरागढ़ प्रदीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हैं। अभी तक हाईवे पर जाम लगा है। ग्रामीण केशव के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग कर रहे हैं।