आइएसबीटी के सामने दिनभर लगा रहा जाम
ट्रैफिक पुलिस नहीं सभाल पाई व्यवस्था
आगरा, जागरण संवाददाता। आइएसबीटी के सामने हाईवे पर बुधवार को भी जाम लगा रहा। सुबह 9.30 बजे से ही वाहनों की लंबी लाइन लग गई। खंदारी की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंस गए। इसके बाद फ्लाईओवर और नीचे के रोड पर भीषण जाम लग गया।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने को पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसके बाद भी अव्यवस्था का जाम लगा रहा। यहां तैनात पुलिसकर्मी रोड किनारे खड़े रहे। शाम को सिकंदरा से खंदारी की ओर आने वाली लेन पर जाम लग गया। पुलिसकर्मी दूसरी साइड में ही खड़े रहे। उनका इस जाम को खुलवाने की ओर ध्यान ही नहीं गया। जाम लगने के कारण
- हाईवे पर खंदारी फ्लाईओवर से आने वाले वाहन और सर्विस रोड से आने वाले वाहन एक स्थान पर मिलते हैं। यहां से सिकंदरा की ओर जाने वाला रास्ता संकरा है। इस कारण यहां जाम लग जाता है।
- कुछ वाहन आइएसबीटी से खंदारी की ओर रांग साइड के लिए निकलते हैं। ये भी जाम का कारण बनते हैं।
- सिकंदरा से खंदारी की ओर जाने के लिए हाईवे पर बनाया गया वैकल्पिक मार्ग बहुत संकरा है। यहां वाहनों को बहुत धीमी रफ्तार में निकलना पड़ता है। यहां एक वाहन फंसते ही काफी दूर तक जाम लग जाता है। जाम से निजात को सुझाव
- खंदारी से फ्लाईओवर और सर्विस लेन से आने वाला ट्रैफिक एक स्थान पर मिलता है। यहां ट्रैफिक संचालित करने को पुलिसकर्मी मुस्तैद रहें। एक रोड का ट्रैफिक रोककर दूसरे का निकालते रहें तो जाम नहीं लगेगा।
- रांग साइड से आने वाले वाहनों को रोका जाए। उन पर कार्रवाई की जाए।
- सिकंदरा से खंदारी की ओर जाने के लिए बनाए गए संकरे रास्ते से पहले ट्रैफिक व्यवस्था संभालने को एनएचएआइ के सुरक्षाकर्मी या पुलिसकर्मी मौजूद रहें।