Fatehpur Sikri: मुगलों की राजधानी फतेहपुर सीकरी से बढ़ती पर्यटकों की दूरी, करने होंगे ये उपाय
ताजमहल आने वाले पर्यटकों की अपेक्षा पांच फीसद पर्यटक नहीं पहुंच रहे हैं। खराब सड़कें ट्रैफिक जाम पर्यटन सुविधाओं के अभाव में नहीं जा रहे पर्यटक। रात्रि प्रवास कराने के लिए नए आकर्षणों पर भी देना होगा ध्यान।
आगरा, जागरण संवाददाता। मुगल शहंशाह अकबर की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी से पर्यटकों की दूरी बढ़ रही है। पूर्व में जहां ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों में से करीब 30 फीसद पर्यटक फतेहपुर सीकरी जाते थे, वहीं अब उनकी संख्या घटकर पांच फीसद भी नहीं रही है। इसकी मुख्य वजह खराब सड़कें, ट्रैफिक जाम, पर्यटन सुविधाओं के अभाव में पर्यटकों का दिन के दिन आगरा आकर वापस लौटना माना जा रहा है।
आगरा में तीन विश्व धरोहर स्थल ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी हैं। ताजमहल और आगरा किला तो एक-दूसरे से नजदीक ही हैं, लेकिन फतेहपुर सीकरी आगरा से करीब 36 किमी दूर है। दिल्ली-आगरा-जयपुर गोल्डन ट्रायंगल में घूमने आने वाले भारतीय और विदेशी पर्यटक जयपुर से आगरा आते वक्त और आगरा से जयपुर जाते वक्त फतेहपुर सीकरी देखा करते थे। कोरोना काल में विदेशी पर्यटक तो इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस के अभाव में अा नहीं पा रहे हैं, वहीं भारतीय पर्यटक दिन के दिन सुबह आकर शाम को वापस लौट जा रहे हैं। उनकी आइटनरी में ताजमहल और आगरा किला ही शामिल हैं। अन्य स्मारकों का रुख पर्यटक नहीं कर रहे हैं, इनमें मुगल शहंशाह अकबर की 15 वर्ष तक राजधानी रही फतेहपुर सीकरी भी है, जबकि यहां पर्यटन आकर्षणों की कमी नहीं है। यहां बुलंद दरवाजा, पंचमहल, अनूप तालाब जैसे आकर्षण हैं। फतेहपुर सीकरी से पर्यटकों की दूरी बढ़ने की वजह खराब सड़कें, ट्रैफिक जाम, पर्यटन सुविधाओं के अभाव को माना जा रहा है।
रात्रि प्रवास की ओर देना होगा ध्यान
आगरा ताजमहल देखने आ रहे पर्यटकों के लिए रात्रि प्रवास के आकर्षण भी बढ़ाने होंगे। अगर फतेहपुरसीकरी की ही बात करें तो यहां भौगोलिक दृष्टि से यहां बहुत सी जगह हैं, जो पर्यटकों को दिखाई जा सकती हैं। पहाड़ों पर बने महल के अलावा फतेहपुरसीकरी के नजदीक ही हनुमान जी का प्रसिद्ध सैमरा मंदिर है, जिसकी बहुत मान्यता है। इसी के रास्ते में मुगलकालीन बाजार भी है। जिसके अब अवशेष है। भारत की ग्रामीण संस्कृति का भी नजारा देखा जा सकता है। इसके साथ ही फतेहपुरसीकरी महल पर भी लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था की जा सकती है, इस सब के पर्यटक यहां रात गुजारने पर आनंदित महसूस कर सकेंगे।
स्मारकों पर पर्यटकों की स्थिति
स्मारक, पांच सितंबर, चार सितंबर, 29 अगस्त
ताजमहल, 18041, 16226, 26252
आगरा किला, 3814, 3367, 5219
फतेहपुर सीकरी, 515, 432, 1155
फतेहपुर सीकरी के बारे में धारणा है कि वहां जाने को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ेगा। पार्किंग से स्मारक तक जाने को गोल्फ कार्ट नहीं हैं, बस का इंतजार करना पड़ता है। रास्ते में लपके भी परेशान करते हैं। इसके चलते वो पर्यटन आकर्षण नहीं बन पा रहा है। टूर आपरेटर्स ने कोरोना काल में इन सब कारणों से उसे आइटनरी से बाहर कर दिया है।
-राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा
इन दिनों दिल्ली से अधिक पर्यटक आगरा आ रहे हैं। वो ताजमहल देखने के बाद वापस दिल्ली लौट जाते हैं। वो एक्सप्रेस-वे से इनर रिंग रोड हुए आते हैं और उसी मार्ग से वापस लौट जाते हैं। फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के काम की वजह से लग रहे जाम की वजह से आगरा किला देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या भी कम हुई है।
-संदीप अरोड़ा, अध्यक्ष आगरा टूरिज्म डवलपमेंट फाउंडेशन