Move to Jagran APP

पर्यटन पुलिस का 19 घंटे चला 'ऑपरेशन श्रीदेवी', इशारे समझ पहुंचाया घर Agra News

रास्ता भटकी मूक महिला को लेकर उसके इशारों पर घूमती रही। जुबां से फतर सुन पुलिस पहुंची फतेहपुर सीकरी मिल गया चचेरा भाई।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Sun, 23 Jun 2019 11:37 AM (IST)Updated: Sun, 23 Jun 2019 06:26 PM (IST)
पर्यटन पुलिस का 19 घंटे चला 'ऑपरेशन श्रीदेवी', इशारे समझ पहुंचाया घर Agra News
पर्यटन पुलिस का 19 घंटे चला 'ऑपरेशन श्रीदेवी', इशारे समझ पहुंचाया घर Agra News

आगरा, निर्लोष कुमार। ये वाकया गुरुवार शाम करीब सात बजे से शुरू हुआ। ताजनगरी फेज-2 में करीब 25-26 वर्षीय महिला भटक रही थी। चेहरे के भाव उसकी बेचैनी को दर्शा रहे थे। बोल न पाना ही उसकी सबसे बड़ी बेबसी बनी थी। इसी बीच आई पर्यटन पुलिस की टीम उसे थाने ले आई। पूछताछ की कोशिश की मगर वो मूक थी। उसके हाथ पर 'श्रीदेवी' गुदा था। यही उसका नाम था।

loksabha election banner

अब सबसे बड़ी चुनौती श्रीदेवी के पता-ठिकाने की थी। आसपास के शहरों के नाम लिए, महिला ना में सिर हिलाती रही। जैसे ही आगरा बोला, उसने हां में सिर हिला दिया। फिर 'फतर', 'फतर' बोलने लगी। फतेहाबाद समझ पुलिस उसे गाड़ी में बैठाकर फतेहाबाद रोड और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक घूमती रही मगर श्रीदेवी खामोश रही। रात होने पर उसे पर्यटन थाने ले आए।

शुक्रवार सुबह उसे माल रोड होते ला रहे थे, प्रतापपुरा चौराहा आते ही महिला ने कलक्ट्रेट की ओर इशारा किया। उसके संकेतों के आधार पर ही कोठी मीना बाजार मैदान तक लाया गया। यहां पर वो दुविधा में नजर आई। उसकी जुबां से निकलते 'फतर', 'फतर' शब्द सुन पुलिस उसे फतेहपुर सीकरी लेकर पहुंची। हालांकि रास्ते में जगह-जगह रोककर उसे कुछ दूर तक पैदल भी चलाया लेकिन वो मना करती रही।

फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजे के निकट स्थित मस्जिद पर पहुंचते ही श्रीदेवी ने गाड़ी रुकवाई और उतर कर पैदल चल दी। पुलिस टीम भी पीछे चलने लगे। पैदल चलते-चलते महिला राजस्थान बॉर्डर स्थित नगला दधिराम, औलेंडा में एक मकान पर आ गई। ये घर श्रीदेवी के चचेरे भाई रामवीर सिंह का था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे परिजनों के बीच पहुंचकर श्रीदेवी खुश हो गई। करीब 19 घंटे तक चले 'ऑपरेशन श्रीदेवी' की पुलिस टीम में ज्ञानेंद्र सिंह अत्री, पंकज कुमार और शुभि कुशवाह थे।

सिकंदरा में है मायका

रामवीर ने 'जागरण' को बताया कि बीमारी के कारण श्रीदेवी की आवाज चली गई। कुछ भी बोलने की कोशिश पर फतर, फतर शब्द ही निकलता है। ग्वालियर रोड स्थित नगला इमली में उसकी ससुराल है। सिकंदरा में अपने माता-पिता के यहां से लौटते में ऑटो वाले ने ताजनगरी क्षेत्र में उतार दिया था। बेटी की तलाश में भटक रहे भंवर सिंह भी सूचना मिलने पर नगला दधिराम आ गए थे।

महिला को सकुशल घर तक पहुंचाया

महिला को सकुशल उसके रिश्तेदारों के घर पहुंचा दिया गया है। बोलने में सक्षम नहीं होने से उसे ऑटो वाला फतेहाबाद रोड पर छोड़ गया था।

-दिनेश कुमार, इंस्पेक्टर पर्यटन

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.