Top Agra News of the Day 25th November 2019, सीएम ने दिया केलकर अवार्ड, संशोधित सीमा विस्तार प्रस्ताव पास, किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास
एबीवीपी के अधिवेशन में सीएम योगी ने मुंबई के सागर रेड्डी को किया सम्मानित। नगर निगम में सीमा विस्तार का प्रस्ताव पास। वृंदावन में किसान के आत्मदाह की खबर पर दौड़े अफसर।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में सोमवार, 25 नवंबर 2019 की शाम सात बजे तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
मुंबई के सागर को केलकर अवार्ड
एबीवीपी के 65वें राष्ट्रीय अधिवेशन में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिष्ठित यशवंत राव केलकर अवार्ड प्रदान किया। यह अवार्ड इस वर्ष मुंबई के सागर रेड्डी काेे प्रदान किया गया। सागर अनाथ बच्चों के पुर्नवास एवं उत्थान की दिशा में कार्यरत हैं। इस अवसर पर छात्र शक्ति को संबोधित करते सीएम योगी ने कहा कि अभाविप ने छात्र शक्ति को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उसे कुछ नया करने का अवसर दिया, उसके बाद छात्र शक्ति ने पूरी दुनिया मे खुद का लोहा मनवाया।
40 नहीं अब नौ गांवों तक होगा नगर निगम विस्तार
सपा शासन में आए नगर निगम सीमा प्रस्ताव के मसौदे पर सोमवार को हंगामेदार बहस हुई। हंगामा इतना जबरदस्त हुआ कि सदन को कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा। इसके बाद दुबारा बहस शुरू हुई तो सभासदों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि अभी नौ गांवों तक नगर निगम सीमा का विस्तार किया जाए। अब तोरा, कलाल खेड़िया, कहरई, चमरौली, बाबरपुर मुस्तिकल, दहतौरा, अवधपुरी, शास्त्रीपुरम, नगला अलबतिया के साथ यूपीएसआईडीसी सिकंदरा क्षेत्र का हिस्सा अब नगर निगम में शामिल होगा। प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जा रहा है।
कब्जे से परेशान किसान ने उडे़ला केरोसिन
मथुरा के सुरीर थाने में दंपती द्वारा खुद को आग लगाए जाने की घटना के बाद सोमवार को भी ऐसा ही एक और मामला सामने आया। वृंदावन के पानीघाट क्षेत्र में खेत पर कब्जे को लेकर कई दिनों से परेशान चल रहे किसान ने सोमवार की दोपहर मिट्टी का तेल डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि पास में ही स्वजन काम कर रहे थे और किसान के आग लगाते ही उन्होंने शोर मचा दिया। समय रहते आग बुझा दी गई और किसान को बचा लिया गया। इस खबर को सुनकर मौके पर तुंरत अफसर पहुंच गए।