Top Agra News of the Day 09th November 2019, शांतिपूर्ण गुजरा दिन, लेदर फेयर में मिले आर्डर, यमुना एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटनाग्रस्त, राजस्थान के लोग घायल
ऐतिहासिक फैसले का दिन ब्रज में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण बीता। मीट एट आगरा में बिजनेस को मिले आयाम। एक्सप्रेस वे पर कार रेलिंग पर लटकी। राजस्थान के यात्रियों की टेम्पो ट्रे
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में शनिवार, 09 नवंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
ऐतिहासिक फैसले पर गले मिल बधाई
अयोध्या मामले पर आए सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले पर यूं तो पूरे ब्रज में चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहा लेकिन सांप्रदायिक सद्भाव के मिसाल ब्रज में दिन शांतिपूर्ण गुजरा। कई मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तो तस्वीर ऐसी बनीं कि दोनों ही संप्रदायों के लोगों ने गले मिल एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। दोनों ने ही फैसले का स्वागत किया। हालांकि पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता में कोई कसर नहीं छोड़ी। पूरे अागरा मंडल में कहीं भी कोई अप्रिय समाचार नहीं सुनने को मिला, इसी के चलते इंटरनेट सेवा भी आगरा में बंद नहीं की गई।
मीट एट आगरा में बुक हुए आर्डर
इंटरनेशनल लेदर, फुटवियर एंड कंपोनेंट फेयर मीट एट आगरा 2019 के दूसरे दिन बड़े पैमाने पर ट्रेड इन्क्वायरीज हुईं और आर्डर बुक किए गए। सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में चल रहे शू फेयर-मीट एट आगरा में शनिवार को मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश थे। आगरा फुटवियर मैन्यूफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) द्वारा आयोजित इस फेयर में लेदर, मशीनरी और कंपोनेंट्स डिस्प्ले किए गए हैं। आने वाले साल में क्या फुटवियर फैशन और कलर थीम रहेगा, इसकी जानकारी भी फेयर में मिल रही है।
यमुना एक्सप्रेस पर लटकी कार
यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार दोपहर आगरा से नोएडा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कलाबाजी खाते हुए हार्ड रेलिंग तोड़ कर नीचे सर्विस रोड की ओर लटक गई। हादसे में कार बुरी क्षतिग्रस्त हो गई। सेक्टर 134 नोएडा निवासी नवनीत कुमार अपनी होंडा सिटी कार से ताजमहल देखकर वापस लौट रहे थे। कार मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 66 के समीप तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित हो गई। गनीमत यह रही कि कार सवार सुरक्षित हैं।
राजस्थान के लोग हादसे में घायल
यमुना एक्सप्रेस वे पर शनिवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रही टेम्पो ट्रैवलर गाड़ी मथुरा के सुरीर क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में ट्रैवलर सवार दस लोग घायल हो गए, इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। ट्रैवलर में सवार लोग देहरादून में रिश्ता पक्का कर सवाई माधोपुर लौट रहे थे। सड़क पर अचानक जानवर के आ जाने से ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गई।
जिससे पूरन सिंह, शंभु दयाल, केशव, रामचरन, गोदावरी, मनवर, शिवांशु, गिरधारी, कमला देवी व केशव निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान घायल हो गए।