आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में सोमवार, 09 दिसम्बर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
भगवान टॉकीज पर घूमते मिले फरार किशोर
रविवार रात थाना मलपुरा के सिरौली स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) से फरार पांच किशोरों में से चार को पुलिस ने सोमवार को पकड़ लिया है। किशोर वहां से एक होमगार्ड का मोबाइल भी चोरी करके ले गए थे। पुलिस के संपर्क करने पर फोन को लगातार गलत लोकेशन पर सेट कर रहे थे। वे कभी फीराेजाबाद तो कभी हरियाणा के बल्लभगढ़ में होना बताते रहे। मगर टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने भगवान टाकीज चौराहे के पास चार को पकड़ लिया। इनका एक साथी अभी हाथ नहीं आया है। वह हाथरस का रहने वाला बताया गया है।
शाही स्नान के साथ मार्गशीर्ष मेला आरंभ
तीर्थनगरी सोरों में सोमवार से महंत विदेहानंद महाराज के गंगा में शाही स्नान के साथ मार्गशीर्ष मेले का शुभारंभ हो गया। शाही स्नान के लिए कई प्रदेशों के नागा बाबा सोरों पहुंचेे हैं। दस दिसंबर को नागा बाबाओं की शाही सवारी निकलेगी। मार्गशीर्ष मेले के लिए राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली के साथ में यूपी के भी श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए सोरों पहुंचे हैं। गंगा स्नान को लेकर प्रशासन द्वारा भी सोरो में हरिपदी गंगा पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
रोड रेज में ले ली जान
वाटरवर्क्स पर शनिवार देर रात व्यापारी की गोली मारकर की गई हत्या रोड रेज के चलते हुई। पुलिस ने तेजी से तफ्तीश करते हुए आरोपित व्यापारी राजीव अग्रवाल को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। राजीव अग्रवाल प्रसिद्ध मैदा व्यापारी रमाशंकर अग्रवाल का बेटा है। इसकी नीले रंग की बलेनो कार से कपड़ा व्यापारी राहुल अग्रवाल का एक्टिवा टकरा गया था। इसी बात पर कहासुनी हुई और राजीव अग्रवाल ने राहुल को गोली मार दी। घटना के बाद राजीव दूसरी कार से बरेली भाग गया था।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप