Top Agra News of the Day 08th December 2019 दस मोरों की मौत, वृंदावन में अरुण सिंह, मकान में आग से जिंदगी स्वाहा, मोक्षदायिनी एकादशी पर गंगा स्नान
कासगंज के अमांपुर में मिले राष्ट्रीय पक्षी के शव। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने किये बिहारी के दर्शन। आधी रात को लगी थी वृंदावन के एक घर में आग। सोरों पहुंचे हजारों श्रद्धालु।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में रविवार, आठ दिसंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
राष्ट्रीय पक्षी की मौत
रविवार सुबह अमांपुर क्षेत्र के एक प्लॉट में दो मोर के शव मिलने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने तलाश शुरु की तो अलग- अलग स्थानों पर कुल दस मोर मृत मिले। अधिकारियों में हड़कंप मच गया। फॉरेस्ट दारोगा प्रमोद कटियार के नेतृत्व में 6 लोगो की टीम को कॉम्बिंग के लिए लगाया गया है। मृत मोरो को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। तीन डॉक्टराेें का पैनल पोस्टमार्टम कर रहा है। देर शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की संभावना है। इसके बाद ही राष्ट्रीय पक्षी की मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
आधी रात को आग
वृंदावन के गौरानगर कॉलोनी में शनिवार आधी राम शॉर्टसर्किट से मकान में आग लग गई। मकान की दूसरी मंजिल पर परिवार के दस लोग फंस गए। आग की लपटों में मकान घिरा तो चीख-पुकार मच गई। पड़ो़सियों की सूचना पर पहुंची दमकल ने घंटो मशक्कत करनी पड़ी। आग की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई,जबकि नौ अन्य झुलस गए। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर है।
महिला अपराध पर जताई चिंता
ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए वृंदावन पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि उन्नाव में हुई वारदात हो अथवा दूसरे प्रदेशों में महिलाओं के साथ होने वाली वारदातों में पुलिस और प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। इसमें न्यायालय को भी समय तय करके आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी। सिंह ने कहा कि वे नया दायित्व मिलने के बाद ठा. बांकेबिहारीजी का आशीर्वाद लेने आए हैं।
सोरों पहुंचे श्रद्धालु
रविवार सुबह तड़के से ही सोरों में गंगा मां के जयकारे गूंज उठे। देर रात से ही श्रद्धालुओं का हुजूम यहां पहुंचना शुरू हो गया। ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों से आते हुए श्रद्धालुओं की श्रद्धा देखते ही बनती थी। सुबह तड़के कड़कड़ाती ठंड में हरिपदी गंगा घाट पर स्नान करते हुए श्रद्धालुओं से सोरों भी भक्तिमय हो गया। मंदिरों में भी रविवार को दिन भर भीड़ रही। वहीं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के चलते मेले में भी रौनक रही।