Top Agra News of 22nd November 2019, शिक्षा सुधार को एबीवीपी लाएगी प्रस्ताव, इस बार भी नकल विहीन परीक्षाएं, आंध्र की महिला की मौत
एबीवीपी का 68वां राष्ट्रीय अधिवेशन का आगाज। डिप्टी सीएम बोले प्रबंधक रहेंगे कॉलेज से दूर। यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसा।
आगरा, जेएनएन। ब्रजमंडल में शुक्रवार, 22 नवंबर 2019 की शाम तक के प्रमुख समाचारों पर आइए डालते हैं एक नजर-
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर होगा चिंतन
ताजनगरी में एबीवीपी का 68वां राष्ट्रीय अधिवेशन आरंभ हो चुका है। हालांकि इसका औपचारिक उद्घाटन शनिवार शाम होगा। शुक्रवार को परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ एस सुब्बैया ने कहा कि अधिवेशन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अनुच्छेद 370, राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एबीवीपी प्रस्ताव लाएगी। उन्होंने जेएनयू में चल रहे विवाद पर कहा है कि वामपंथियों ने एक महिला अध्यापिका का अपमान किया है। उनके लिए ये कदम हितकारी नहीं हो सकता।
परीक्षा केंद्रों से दूर रहेंगे प्रबंधक: डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को आगरा में कहा कि इस बार भी प्रदेश में नकल विहीन बोर्ड परीक्षा कराने के लिए तैयारियां पूरी हैं। सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर के साथ में राउटर की व्यवस्था की गई है। डिप्टी सीएम ने ये बात आरबीएस इंटर कॉलेज में नवाचार प्रदर्शनी एवं प्रदेश स्तरीय माध्यमिक क्रिकेट प्रतियोगिता के उदघाटन के मौके पर कही। वे आगरा दौरे के दौरान आगरा कॉलेज में आयोजित एबीवीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन में भी शामिल हुए।
हादसे में आंध्र की महिला की मौत
आगरा में सत्संग में भाग लेकर दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा आंध्र प्रदेश का परिवार हादसे का शिकार हो गया। यमुना एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार को नोएडा की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में सड़क पर खड़ी कंपाइन में टकरा गई। दुर्घटना में गोरा राधाप्रसाद निवासी बादाम थाना राजाम जनपद श्रीकाकुलम (आंध्रप्रदेश) की पत्नी प्रसन्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी प्रीति गंभीर रूप से घायल है। टैक्सी को चालक रविंद्र कुमार पुत्र बलवान सिंह निवासी कुतुबगढ़ दिल्ली चला रहा था। हादसा धुंध होने के चलते हुआ।