Fatehpur Sikri: 23.59 लाख रुपये से होगा टोडरमल की बारादरी का संरक्षण, लौटेगा पुराना रूप
Fatehpur Sikri भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने किया टेंडर। बारादरी में जनवरी में उत्खनन में मिला था वर्गाकार टैंक। बारादरी के चारों ओर की जाएगी बाउंड्रीवाल। अकबर के वित्त मंत्री थे राजा टोडरमल। फतेहपुर सीकरी में है टोडरमल की बारादरी।
आगरा, जागरण संवाददाता। मुगल शहंशाह अकबर के वित्त मंत्री रहे राजा टोडरमल की बारादरी का संरक्षण 23.59 लाख रुपये से किया जाएगा। यहां उत्खनन में मिले टैंक के संरक्षण के साथ बारादरी की वर्तमान बाउंड्रीवाल को ऊंचा किया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
फतेहपुर सीकरी में अकबर के वित्त मंत्री राजा टोडरमल की बारादरी है। यह उपेक्षित है और स्मारक से दूर होने व संपर्क मार्ग के अभाव में यहां पर्यटक नहीं पहुंचते हैं। एएसआइ ने यहां 20 लाख रुपये की लागत से दिसंबर-जनवरी में संरक्षण कार्य कराया था। बारादरी की उत्तरी व पश्चिमी दिशा में टूटे हुए तोड़े व छज्जे के पत्थर और लोहे के दरवाजे लगाने का काम किया गया था। जनवरी में बारादरी के मुख्य द्वार के सामने किए गए उत्खनन में मध्य में बना हुआ वर्गाकार टैंक व फव्वारा मिला था। टैंक प्रत्येक दिशा में 8.7 मीटर लंबा और 1.1 मीटर गहरा है। टैंक के ओवरफ्लो व आउटलेट खोज लिए गए थे। टैंक की बाहरी दिशा में उत्खनन किया जाना है। बारादरी की पूर्वी व दक्षिणी दिशा में संरक्षण कार्य होने हैं। इसके लिए एएसआइ ने प्रस्ताव तैयार कर दिल्ली मुख्यालय को भेजा था। वहां से अनुमति मिलने के बाद एएसआइ ने संरक्षण कार्य के लिए टेंडर कर दिया है। उत्खनन में मिले टैंक का संरक्षण उसके मूल स्वरूप में किया जाएगा। बारादरी के बचे हुए कार्य किए जाएंगे और उसके चारों ओर स्थित बाउंड्रीवाल को और ऊंचा किया जाएगा। बाउंड्रीवाल को ऊंचा किए जाने से बारादरी में असामाजिक तत्वों का प्रवेश रुकेगा।
अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि बारादरी के संरक्षण को इच्छुक फर्में 15 मार्च तक आनलाइन टेंडर जमा कर सकती हैं। इसके संरक्षण पर करीब 23.59 लाख रुपये व्यय होंगे।