क्या आपकी कार का AC भी गर्मी में दे रहा कम ठंडक, कूलिंग बढ़ाने के लिए इन आसान टिप्स को करें फॉलो
आगरा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच कार एसी की कूलिंग कम होने की समस्या बढ़ गई है। तेज ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। गर्मी में तापमान अभी से ही 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। दोपहर में कार का एयरकंडीशन फुल स्पीड पर चलाने के बाद भी ऐसा लग रहा है कि कूलिंग कम है। ज्यादातर कार चालकों को अब यही महसूस हो रहा है।
दरअसल बाहर का तापमान बढ़ते ही कार एसी की फंक्शनिंग पर सीधा असर पड़ता है। धूप में कूलिंग के लिए कार एसी पर ज्यादा दबाव पड़ा है।
काफी देर तक तेज धूप में खड़ी रहने से कार के भीतर का तापमान 50 से 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में तुरंत एसी चला देने से कूलिंग कॉइल जलने की संभावना अधिक बढ़ जाती है। ध्यान नहीं दिया तो सफर ठंडा और आरामदायक नहीं रहेगा।
एक्सपर्ट के अनुसार गर्मी अधिक बढ़ने से कार एसी में सबसे पहले कूलिंग कम होना शुरू हो जाती है। कंप्रेसर की क्षमता पर असर पड़ता है। गैस लीकेज होने से कार में बदबू आने लगती है। गाड़ी का माइलेज कम होता है, साथ ही मेंटेनेंस का खर्चा भी बढ़ जाता है।
इस बिन बुलाए भारी भरकम खर्चे से बचने के लिए कुछ जरूरी सुझाव हैं, अगर ठीक समय पर फॉलो किए जाएं तो आपका सफर ठंडा और आरामदायक रहेगा।
आगरा कार एसी के संचालक राजेश कुमार का कहना है कि अक्सर लोग कार को तेज धूप में पार्क करते है। कार के शीशे बंद होने से गर्मी कार से बाहर नहीं निकल पाती है। कार जल्दी ठंडी करने के चक्कर में लोग बैठते ही सबसे पहले एसी को ऑन कर देते हैं।
ये गलती भारी पड़ सकती है, इससे एसी के काॅयल जलने का खतरा बढ़ जाता है। जब गाड़ी खड़ी हो तो ज्यादा देर तक एसी ना चलाएं।
गर्मी बढ़ने पर कार एसी में आने वाली परेशानियां
- कूलिंग में ज्यादा समय लग सकता है।
- एसी की कूलिंग क्षमता कम हो जाती है।
- एसी सेंसर काम करना बंद कर सकते हैं।
- कार का पिकअप और माइलेज कम हो सकता है।
- ज्यादा तापमान से कंप्रेसर जल्दी गर्म होने लगता है।
अनजाने में होने वाली गलतियां
- सीधे तेज धूप में गाड़ी पार्क करना ।
- खड़ी गाड़ी में देर तक एसी चलाना ।
- सेंसर इंडिकेशन को नजरअंदाज करना ।
- अधिक दिनों तक एसी का उपयोग ना करना ।
- सही समय पर एसी फिल्टर ना बदलना ।
इन बातों का रखें ध्यान
- सबसे जरूरी खड़ी गाड़ी में देर तक एसी न चलाएं।
- कार स्टार्ट करते ही तुरंत एसी ना चलाएं, गर्म हवा बाहर जाने दें ।
- एसी शुरू करते ही तेज स्पीड में फैन ना चलाएं।
- नेचुरल हवा अंदर आने दें, विंडो बंद करें, तब एसी चलाएं। कार जल्दी ठंडी होगी।
- एसी का तापमान 22-24 सेल्सियस पर रखें ।
- केबिन एयर फिल्टर गंदा होने पर तुरंत साफ करें ।
- साल में कम से कम एक बार सर्विस जरूर कराएं।
- सर्दियों में कम से कम 10 से 15 मिनट एसी जरूर चलाएं।
- रेडिएटर को तेज प्रेशर पर पानी से साफ कराएं।
- गर्मियों में कूलेंट बदलवाने का भी ध्यान रखें।
