जा रहे हैं बांकेबिहारी मंदिर तो पहले पढ़ लें ये खबर, बदल गया है अब दर्शन का समय Agra News
ठाकुरजी के भोग-राग सेवा में भी होगा बदलाव।
आगरा, जेएनएन। शरद ऋतु शुरू होते ही ठा. बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन समय में परिवर्तन हो गया है। अब मंदिर के पट सुबह 8.45 बजे खुलेंगे। इसके बाद दोपहर को 12.55 बजे राजभोग आरती के बाद एक बजे पट बंद होंगे। शाम को 4.30 बजे मंदिर के पट एक बार फिर खुलेंगे तो शाम को 8.25 बजे शयनभोग आरती के बाद 8.30 बजे पट बंद हो जाएंगे। मंदिर में शरद ऋतु के दौरान का यह दर्शन समय होली के पर्व तक चलेगा। होली के बाद से समय में परिवर्तन हो जाएगा। ठाकुरजी के दर्शन समय के बाद शीतकालीन सेवा में भी बदलाव नजर आएगा। हल्के वस्त्रों की जगह अब ठाकुरजी को सलीन आदि की पोशाक धारण करवाने के साथ भोग में भी गरिष्ठ पदार्थ और ड्राइफ्रूट की मात्रा में इजाफा कर दिया जाएगा।
बदलेगी पोशाक और श्रृंगार
शरद ऋतु शुरू होते ही ठा. बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी की सेवा में भी बदलाव नजर आएगा। अब तक हल्की पोशाक पहनने वाले आराध्य को अब सनील के अलावा मोटे कपड़ों से बनी पोशाक धारण करवाई जाएगी तथा फूलों की माला से अब परहेज शुरू हो जाएगा। अब ठाकुरजी को मोतियों की माला ही पहनाई जाएगी। शरद ऋतु में ठाकुरजी को सर्दी से बचाने के लिए फूलों की माला नहीं पहनाई
जाएगी।
भोग में बढ़ेगी मेवा की मात्रा
ठाकुरजी को अर्पित किए जाने वाले भोग में अब तरल पदार्थों को कम करते ड्राई फ्रूट की संख्या में इजाफा कर दिया जाएगा। सुबह बालभोग में देशी घी का हलवा जरूर परोसा जाएगा तो दोपहर में भी भोग में ड्राइफ्रूट की मात्रा बढ़ाई जाएगी। जबकि अब तक गर्मी के मौसम में दूध, दही से बने पदार्थों का भोग ठाकुरजी को अर्पित किया जाता था।