Tiddi Dal Attack In UP: टिड्डी को लेकर कृषि विभाग सतर्क, आगरा और मथुरा में भी जारी किया अलर्ट
Tiddi Dal Attack In UP गत वर्ष टिड्डियों ने आगरा मंडल के जिलों में भी आतंक मचाया था। सूबे में अलर्ट जारी होने के बाद स्थानीय कृषि विभाग ने बार्डर से लगे किसानों को जागरुक करना शुरु कर दिया है।
आगरा, जेएनएन। राजस्थान में टिड्डी दल के आने से आगरा मंडल में भी कृषि विभाग सतर्क हो गया है। शनिवार को कृषि विभाग ने ब्लाक स्तरीय कर्मचारियों को राजस्थान की सीमा से सटे गांवों में किसानों को आगाह करने के लिए लगाया गया। आगरा और मथुरा के जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने कीटनाशक की व्यवस्था की समीक्षा भी की। गत वर्ष टिड्डियों ने आगरा मंडल के जिलों में भी आतंक मचाया था। सूबे में अलर्ट जारी होने के बाद स्थानीय कृषि विभाग ने बार्डर से लगे किसानों को जागरुक करना शुरु कर दिया है।
आगरा जिला के कृषि अधिकारी डॉ राम प्रवेश ने बताया कि किसानों को टिड्डी दल से बचाव की जानकारी दी जा रही है और किसी भी तरह का कीट दिखने पर सूचित करने के लिए जागरुक किया जा रहा है। मथुरा जिला कृषि रक्षा अधिकारी विभाति चतुर्वेदी ने बताया, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन राजस्थान में टिड्डी दल के आने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही उसके उत्तर प्रदेश में टिड्डी दल के आने के भी आशंका व्यक्त की है। टिड्डी दल पौधों को नष्ट कर देगा। उन्होंने बताया, टिड्डी दल की आशंका को लेकर राजस्थान की सीमा से सटे किसानों को सतर्क किया जा रहा है। उनको बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ब्लाक स्तरीय टीम गांवों में जाकर किसानों से संपर्क कर रही है। किसानों से टिड्डी नजर आने पर टीन के डिब्बे, थाली, ढाेल नगाड़े और डीजे बजाने के लिए कहा जा रहा है। शोर सुनकर टिड्डी दल भाग जाता है। उन्होंने बताया, टिड्डी दल रात को खेत में प्रवास करता है। तब क्लोरोपाइरीफास 20 प्रतिशत ईसी, लैम्बडासाइहेलथ्रिन 5 प्रतिशत ईसी, मैलाथियान 50 प्रतिशत ईसी आदि कीटनाशकों में से किसी एक कीटनाशक का छिड़काव कर दें।