ताज पर चमकी का नजारा देखने को होने लगी बुकिंग, जानिए कब से मिलेंगे टिकट Agra News
इस बार माह में चार दिन ही रात में खुलेगा ताजमहल। शरद पूर्णिमा पर ताज के संगमरमर पर चमकी का नजारा देखने को पर्यटकों में रहता है क्रेज।
आगरा, जागरण संवाददाता। पूरे साल भर में केवल यही एक दिन ऐसा है, जब ताजमहल में लगे सफेद संगमरमर पर चंद्रमा की किरणें अठखेलियां करती नजर आती हैं। इस नजारे को चमकी कहा जाता है। चमकी को देखने का क्रेज पर्यटकों में रहता है। माह में पांच दिन होने वाले ताज रात्रि दर्शन की शुरुआत शनिवार से हो जाएगी। नियमानुसार एक दिन पूर्व शुक्रवार (आज से) को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के माल रोड स्थित कार्यालय से टिकटों की बिक्री होगी। रात्रि दर्शन को एक दिन पूर्व टिकट खरीदना होता है।
इस बार शरद पूर्णिमा 13 अक्टूबर (रविवार) को है। शरद पूर्णिमा पर चांदनी रात में ताज के दीदार का सैलानी वर्षभर ख्वाब संजोते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वर्ष 2004 से माह में पांच दिन (पूर्णिमा, उससे दो दिन पूर्व व दो दिन बाद) ताज खुल रहा है। शुक्रवार व रमजान के माह में रात्रि दर्शन नहीं होता है। इस बार रात्रि दर्शन के दिनों में पहले दिन शुक्रवार है, जिसके चलते चार दिन ही रात्रि दर्शन होगा। शनिवार के लिए सैलानी शुक्रवार को एएसआइ के माल रोड स्थित ऑफिस से ले सकेंगे। वहीं, शरद पूर्णिमा के दिन ताज रात्रि दर्शन के टिकट शनिवार को लिए जा सकेंगे।
मेहताब बाग से भी देखेंगे नजारा
अमूमन इस मौसम में अब धुंध छाने लगती है। रात को ताजमहल के पास जाने की भी इजाजत नहीं। लिहाजा बीते कई सालों से पर्यटक चमकी देखे बिना ही लौटते हैं। उधर दूसरी तरफ ताज के पार्श्व में स्थित मेहताब बाग पर भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक चमकी का आनंंद लेने के लिए पहुंचते हैं। हालांकि इस साल धुंध कम होने से उम्मीद है कि ताज, चांदनी रात में मेहताब बाग से चमचमाता हुआ नजर आए।