दीपावली से पहले शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तीन युवक गिरफ्तार
मजारों पर भगवा रंग करने में लोहामंडी पुलिस ने दो युवक किए गिरफ्तार। शमसाबाद में पकड़ा गया मजार में हनुमान चालीसा पढ़ने वाला युवक। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। दीपावली से पहले शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। दो युवकों ने शहर की तीन मजारों पर जाकर भगवा रंग का पेंट कर दिया था। जबकि एक अन्य युवक ने शमसाबाद रोड पर स्थित मजार में हनुमान चालीसा का पाठ किया था। इन मामलों में अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज किए गए थे।
आगरा कालेज के सामने एमजी रोड पर स्थित मजार एक हिस्से पर मंगलवार को भगवा रंग कर दिया गया था। इसके बाद रकाबगंज और ताजगंज क्षेत्र में मजारों पर इसी तरह का रंग करने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने उन पर पहले जैसा पेंट करा दिया। तीनों थानों में मुकदमे दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। आगरा कालेज के सामने स्थित मजार पर पेंट करने वाले युवकों की सीसीटीवी कैमरे से पहचान हाे गई। ये ताजगंज निवासी शुभम पंडित और बालकिशन थे। लोहामंडी थाना पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्होंने भगवा रंग के पेंट की स्प्रे खरीदी थी। उसी से पहले आगरा कालेज के सामने स्थित मजार पर पेंट किया। इसके बाद गाड़ी से जाकर अन्य दोनों स्थानों पर स्थित मजारों पर भी पेंट किया। दोनों युवकों से अभी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे किसी संगठन से नहीं जुड़े हैं।
उधर, शमसाबाद के नबादा गांव में एक युवक ने मंगलवार सुबह हनुमान चालीसा का पाठ किया था। इंटरनेट मीडिया पर खुद ही वीडियो वायरल कर दिया। युवक की पहचान अजय तोमर के रूप में हुई थी। उसके खिलाफ शमसाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने बुधवार को अजय तोमर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसका कहना है कि मथुरा में मंदिर में नमाज पढ़ी जाने का विरोध जताने के लिए उसने मजार में हनुमान चालीसा का पाठ किया था। पुलिस अभी उससे भी पूछताछ कर रही है। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।