Agra News: ससुराल में शादी समारोह में गया था परिवार, घर के ताले तोड़कर नकदी-जेवरात ले गए चोर
Agra Crime News ताजगंज के श्यामो गांव की घटना जगनेर शादी में गया था परिवार। रविवार को दूधिया के आने पर हुई घटना की जानकारी। पुलिस गश्त पर उठे सवाल। छानबीन में पुलिस जुटी हुई है ।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में ताजगंज के श्यामो में शनिवार की आधी रात को चोरों ने बंद घर को निशाना बना लिया। परिवार शादी में गया हुआ था। पीछे से चोर घर के ताले तोड़ वहां रखे नकदी-जेवरात ले गए। रविवार की सुबह दूधिया के घर आने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
श्यामो निवासी चोब सिंह की ससुराल में शनिवार को शादी थी। वह परिवार जगनेर शादी में शामिल होने गए थे। रविवार की सुबह दूधिया उनके घर आया था। उसने मुख्य दरवाजे को खुला देखा। उसके ताले टूटे हुए थे। दूधिया ने पास में ही रहने वाले चोब सिंह के स्वजन को इसकी जानकारी दी। वह मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चोब सिंह और पुलिस भी भी आ गई।
कमरों के तोड़ दिए ताले
चोब सिंह की पत्नी सुनीता ने बताया कि चोरों ने मुख्य दरवाजे समेत सभी कमरों के ताले तोड़ दिए थे। कमरों की तलाशी लेने के दौरान अलमारियों में रखा सारा सामान फर्श पर फेंक दिया था। चोर अलमारी के लाकर को तोड़कर करीब एक किलोग्राम चांदी के जेवरात, दो तोला सोने के जेवरात और 45 हजार रुपये ले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से रेकी कर रहे थे। उन्हें परिवार के शादी में शामिल होने का पता था।
ये भी पढ़ें...
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों के फुटेज
पुलिस श्यामो गांव और उसके मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। जिससे कि चोरों का सुराग लगाया जा सके। वह रात में गांव से मुख्य मार्ग की आेर आने-जाने वाले वाहनों के फुटेज भी खंगाल रही है।