Move to Jagran APP

खेरागढ़ में दो घरों से लाखों का माल चोरी

रिटायर्ड शिक्षक व ग्रामीण के घर में चोरी खेत में पड़े मिले खाली बक्से व सूटकेस

By JagranEdited By: Published: Sat, 25 Jun 2022 06:15 AM (IST)Updated: Sat, 25 Jun 2022 06:15 AM (IST)
खेरागढ़ में दो घरों से लाखों का माल चोरी
खेरागढ़ में दो घरों से लाखों का माल चोरी

जागरण टीम, आगरा। नगला दूल्हे खां और नगला हींस में गुरुवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। ताले तोड़कर घुसे चोर लाखों के जेवरात व नकदी ले गए। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

loksabha election banner

नगला दूल्हे खां निवासी रिटायर्ड शिक्षक तारा सिंह परमार ने बताया कि गुरुवार रात वह अपनी पत्‍‌नी और बेटी के साथ घर में सो रहे थे। मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगाया था। रात को चोर गेट लांघकर प्रवेश कर गए। गेट की कुंडी और ताला उन्होंने तोड़ दिया। इसके बाद खाली कमरे में बक्से का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व 45 हजार रुपये उड़ा दिए। वह गहनों से भरा बक्सा भी साथ ले गए। सुबह वह खेतों में पड़ा मिला। सुबह आंख खुलने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई। रिटायर्ड शिक्षक के बेटे डा. अजय परमार ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने गांव में भागवत कथा का आयोजन किया था। शुक्रवार को हवन-पूजन होना था। इस कारण वह बहन को ससुराल से लाए थे। वह दूसरे घर में सोने चले गए थे।

नगला हींस निवासी शिवकुमार के मुताबिक गुरुवार रात चोरों ने पीछे की दीवार में नकब लगाकर घर में प्रवेश किया। कमरे में रखे सुटकेस व बक्सा ले गए। सुबह खाली बक्सा व सूटकेस खेत में पड़ा मिला। शिवकुमार के मुताबिक चोर घर से 65 हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण ले गए हैं। घटना की जानकारी पर एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने मौका मुआयना कर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। बाइकों की भिडंत में एक की मौत, तीन घायल

जागरण टीम, आगरा। बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसे में कार चालक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

पिनाहट: शाह नगर, फिरोजाबाद निवासी दुर्गेश शर्मा (35) शुक्रवार दोपहर 12 बजे अपने ताऊ बृजमोहन शर्मा (55) के साथ बाइक से बाह तहसील जा रहे थे। वहीं कांकरखेड़ा, बसई अरेला निवासी प्रदीप अपने भाई राहुल के साथ बाइक से जा रहे थे। आगरा-बाह मार्ग पर नगला भरी के पास दोनों बाइकें टकरा गईं। हादसे में घायल चारों लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बृजमोहन ने दम तोड़ दिया। एसओ बसई अरेला विवेक कुमार के मुताबिक तीन घायलों का इलाज चल रहा है।

फतेहाबाद: इटावा के आजाद रोड, भरथना निवासी अनुराग अपनी पत्‍‌नी बीना पोरवाल, बेटे देव पोरवाल, बेटी तानिया और भरथना के ही हर्षित तिवारी के साथ गुरुवार रात कार से खाटू श्याम जी, राजस्थान जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 30.100 किलोमीटर पर उनकी कार का पहिया पंचर हो गया। कार सवार अन्य लोग उतरकर साइड में खड़े हो गए। अनुराग पहिया चेक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में वह 20-25 मीटर तक घिसटते चले गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.