Lohri Special: यादगार बनाने को अब थीम बेस्ड होने लगी पहली लोहड़ी Agra News
आगरा में लोहड़ी मनाने के लिए जोड़े ले रहे इवेंट प्लानर्स की मदद। कलर थीम से लेकर डीजे तक होगा शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। शादी के बाद पहला हर त्योहार खास होता है। फिर वो चाहे दीपावली हो या होली। पंजाबियों और सिखों में लोहड़ी खास होती है। शादी के बाद पहली लोहड़ी नई यादों और खुशियों को बनाने का मौका होता है। परिवार और दोस्तों के साथ लोहड़ी का जश्न मनाया जाता है। अपनी लोहड़ी का खास बनाने के लिए अब नवविवाहित जोड़े भी प्लानिंग करने लगे हैैं। अब लोहड़ी भी थीम बेस्ड होने लगी है। थीमों पर काम करने के लिए इवेंट प्लानर्स की मदद ली जा रही है। शहर में भी कई जोड़े ऐसे हैं, जो अपनी पहली लोहड़ी को खास बनाने में जुटे हुए हैं। इनसे जागरण ने की बात और जानी उनकी प्लानिंग।
दयालबाग के पुष्पांजलि बाग में चिराग पुरी और श्वेता पुरी बताते हैं कि हमने अपनी लोहड़ी को खास बनाने के लिए स्पेशल ड्रेस डिजायन करवाई है। घर के अन्य सदस्य भी स्पेसिफिक कलर बेस्ड ड्रेस पहनेंगे। धूमधाम से लोहड़ी मनाई जाएगी। शास्त्रीपुरम के पुलकित और उन्नति सचदेवा ने अपनी लोहड़ी के लिए डीजे को बुक किया है। सजावट में भी खास ध्यान दिया है। पंजाबी थीम पर सजावट करवा रहे हैं।
कमलानगर के ध्रुव और रुचि मारवाह कहते हैं कि लोहड़ी तो वैसे भी मस्ती का त्योहार है। हमने प्लान किया है कि हमारे घरवाले पंजाबी गानों पर डांस करेंगे। गाने तय कर लिए गए हैैं और प्रेक्टिस भी शुरू करवा दी है।
शास्त्रीपुरम की बुलबुल उप्पल ने अपने पति हिमांशु उप्पल के लिए खास सरप्राइज प्लान किया है। इसके अलावा दोनों के परिवार वाले और दोस्त उन्हें लोहड़ी की पार्टी दे रहे हैं।
दयालबाग के स्नेह और स्वयं चोपड़ा ने अपनी पहली लोहड़ी के लिए सिंगर्स भी बुलाए हैं। जो लाइव परफॉर्म करेंगे। साथ ही घर के हर सदस्य की एक डांस परफॉर्मेंस की भी तैयारी चल रही है। संचित और स्वाति खन्ना ने अपनी पहली लोहड़ी की थीम पंजाब के गांव की रखी है। पूरी सजावट भी वैसी ही होगी। सबके कपड़े भी पारंपरिक पंजाब स्टाइल के ही होंगे।
डीजे और ढोल का कॉम्बी
लोहड़ी पर ढोल न बजे, ऐसा कैसे हो सकता है। इस बार कुछ नया धमाल करने की तैयारी है। डीजे लाइट्स पर बॉलीवुड और हॉलीवुड सांग्स के साथ ढोल का कॉम्बी होगा। लिहाजा ढोल वाले भी बुक किए जा रहे हैं। शाम सात बजे से रात 11 बजे तक ढोल दनादन बजेगा।
पंजाबी थीम ही छाएगी
इवेंट प्लानर कपिल सिंह ने कहा कि पहले लोग सिर्फ शादियों और जन्मदिन पर ही हमारे पास आते थे, लेकिन अब लोहड़ी की प्लानिंग में भी मदद ले रहे हैं। पंजाबी थीम से लेकर डीजे तक बुक करा रहे हैैं