Theft in Agra: पुलिस के जाने के बाद घर में आए चोर, गहने नकदी ले गए
Theft in Agra दंपती को कमरे में कर दिया था बंद सुबह हुई जानकारी। 110 ग्राम सोने और दो किग्रा चांदी के गहने ले गए चोर।
आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा क्षेत्र के मऊ गांव में देर रात पुलिस अपराधियों का सत्यापन कर रही थी। एक घर में पुलिस देर रात सत्यापन के बाद तीन बजे पुलिस वहां से लौट आई। इसके बाद चोर छत के रास्ते अंदर घुस गए और दंपती को कमरे में बंद करके घर में रखे सोने चांदी के गहने और नकदी चोर समेट ले गए। पुलिस फिलहाल घटना को संदिग्ध मान रही है।
मऊ निवासी हरीशंकर का मदर डेयरी की आइस्क्रीम का थोक का काम है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे निखिल बेटी विदुषी तीन दिन पहले फरीदाबाद गए हैं। घर में वे और उनकी पत्नी विमलेश गुरुवार रात को एक ही कमरे में सोए थे। रात दो बजे उनके घर पुलिस पुलिस पहुंची। बेटे के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज है। उसको थाने पर आने की कहकर पुलिस करीब ढाई बजे चली गई। इसके बाद वे कमरे में सो गए। सुबह पांच बजे वे उठे तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। दूसरे गेट से बाहर निकलकर उन्होंने देखा तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने ताला काटकर दूसरे कमरे की अलमारी में रखे 110 ग्राम सोने, दो किग्रा चांदी के गहने और छह हजार रुपये चोरी कर लिए। आशंका है कि वे छत के रास्ते ही भाग कर गए हैं। क्योंकि मुख्य द्वार बंद था। सुबह 5.15 बजे जब हरीशंकर की नींद खुली तो कमरे की कुंडी बाहर से लगे होने की जानकारी हुई। कमरे के दूसरे गेट से बाहर निकलकर उन्होंने दूसरे कमरे में देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने घटना के संबंध में तहरीर भी दे दी। इंस्पेक्टर न्यू आगरा उमेश चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि देर रात पुलिस घर में सत्यापन करने गई थी। घटना की अभी जांच की जा रही है। अभी तक लिखित तहरीर भी नहीं मिली है।
एक घर के सीसीटीवी कैमरे में दिखे चोर
मुहल्ले में ही एक घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर दिखे हैं। रात ढाई बजे दो बाइक पर तीन लोग और एक ई रिक्शा नजर आ रहा है। ये कई बार चक्कर लगाते गली में दिखे हैं। हरीशंकर के घर की ओर आते भी दिख रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे में चोरों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे हैं।
पड़ोसी के घर में हो गई जगार
हरीशंकर ने बताया कि उनके घर में घटना के बाद चोरों ने पड़ोसी चंद्रपाल के घर को भी निशाना बनाया। खटपट सुनकर उनके घर में जगार हो गई। इसके बाद चोर वहां से भाग गए। पुलिस इस घटना की जानकारी से इन्कार कर रही है।